सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने निकली राउरकेला पुलिस, बस्तीवासियों पर फोकस
राउरकेला पुलिस जिला प्रशासन की ओर से सोमवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : राउरकेला पुलिस जिला प्रशासन की ओर से सोमवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। एक माह तक चलने वाले इस अभियान का समापन 17 फरवरी को होगा। पहले दिन, सोमवार को वाक-ए-थॉन का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के तौर पर पश्चिमांचल की डीआइजी कविता जालान ने वाक-ए-थॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा माह का मुख्य मकसद सड़क हादसों में कमी लाना है।
राउरकेला पुलिस जिला के एसपी मुकेश कुमार भामू ने योजना के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि बस्तियों में रहने वाले अधिकांश लोग दो पहिया वाहन का इस्तेमाल करते हैं। इस बार उन्हें ध्यान में रखकर जागरूक करने की योजना तैयार की गई है। इसके लिए शहर की 31 बस्तियों को चिह्नित किया गया है। सड़क सुरक्षा के नियम और कानून के संबंध में जानकारी के अभाव में बस्ती के लोग हमेशा गलती करने के साथ-साथ जुर्माना भरते हैं। इसलिए बस्तीवासियों को ओड़िया और हिदी में सड़क सुरक्षा के नियम और कानून की जानकारी अधिकारियों द्वारा दी जाएगी। उन्हें इससे संबंधित पर्चा भी दिया जाएगा। इस दौरान युवा वर्ग को विशेष तौर पर जागरूक किया जाएगा। एक महीने तक शहरवासियों को सड़क सुरक्षा के नियम और कानून के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके बाद यातायात नियम को कड़ाई से पालन कराया जाएगा। उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया जाएगा।
आरटीओ विश्वराज बेहरा ने कहा, नए मोटरयान कानून के तहत लोगों को जागरूक करने के बाद उल्लंघनकारियों को गिरफ्तार कर तीन माह की जेल भेजने के प्रावधान को कड़ाई से लागू किया जाएगा। तभी सड़क सुरक्षा पालन का उद्देश्य सफल होगा। अन्यों में एडीएम अबोली सुनील नरवाने, अतिरिक्त आरटीओ दलानी सा, एस साहू, अतिरिक्त एसपी मोहनपानी कारुवा, उदितनगर थाना अधिकारी सुदर्शन पंडा समेत यातायात और पुलिस विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे। वाक-ए-थॉन एसपी कार्यालय से निकल कर मुख्य मार्ग होते हुए बिसरा चौक पहुंची। इस दौरान लोगों के बीच सड़क सुरक्षा नियम से संबंधित पर्चा भी बांटा गया।