इलाज में लापरवाही के कारण हुई भाजयुमो सदस्य की मौत
भाजपा युवा मोर्चा के जिला कार्यकारिणी सदस्य मनोरंजन कुमार कोरोना से पीड़ित थे एवं इलाज के दौरान कोविड अस्पताल में उनका निधन हो गया।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : भाजपा युवा मोर्चा के जिला कार्यकारिणी सदस्य मनोरंजन कुमार कोरोना से पीड़ित थे एवं इलाज के दौरान कोविड अस्पताल में उनका निधन हो गया। उनके निधन पर मोर्चा की ओर से शोकसभा कर उनके सदगति की कामना की गई। मोर्चा के जिला अध्यक्ष अंकुश वर्मा ने मनोरंजन की मौत में इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए इसकी जांच की मांग की है। अंकुश ने बताया कि राउरकेला कोविड अस्पताल में इलाज में लापरवाही बरती जा रही है। दिवंगत मनोरंजन कुमार से फोन पर बातचीत हुई थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि यहां उनका इलाज ठीक से नहीं हो रहा है। उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी पर उसे ऑक्सीजन नहीं दिया जा रहा था। मनोरंजन परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था एवं बूढ़े माता पिता व परिवार उस पर निर्भर थे। उन्होंने लापरवाही के कारण मौत होने की जांच करने के साथ ही मृतक के परिवार वालों को आर्थिक मदद देने की मांग की है।