सप्ताह भर में सुंदरगढ़ जिला पुलिस ने बरामद किए 37 लापता बच्चे
लापता बच्चों की तलाश के लिए राज्य भर में अभियान जारी है। इसमें सुंदरगढ़ जिले से लापता 37 बच्चों का पता लगा लिया गया है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : लापता बच्चों की तलाश के लिए राज्य भर में अभियान जारी है। इसमें सुंदरगढ़ जिले से लापता 37 बच्चों का पता लगा लिया गया है। इनमें 26 बालिका एवं 11 बालक हैं। बालिकाओं की संख्या अधिक होने के कारण तस्करी को लेकर पुलिस की चिंता बढ़ गई है।
राज्य में बच्चों के लापता होने के मामले में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। इसकी राजनीतिक व सामाजिक संगठन आलोचना करते रहे हैं। राज्य विधानसभा में भी यह मामला उठाया गया है। कुछ महीने पहले नयागढ़ जिले में परी के लापता होने व उसकी हत्या की घटना से राज्य भर में हलचल मची थी। सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया एवं सरकार की खिचाई की थी। इसके बाद सरकार की ओर से पुलिस विभाग को लापता बच्चों की तलाश करने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया। राज्य भर में बच्चों के लापता होने के 894 मामले दर्ज हैं। इनमें बालिकाओं की संख्या 800 है जबकि बालक 94 हैं। पुलिस की ओर से 18 से 25 जनवरी तक राज्य भर में तलाशी अभियान शुरू किया गया। केंद्रपाड़ा जिले में सबसे अधिक 127 बच्चे लापता हुए हैं जबकि मयूरभंज से 111, बालेश्वर से 88 बच्चे शामिल हैं। वर्ष 2020 में सुंदरगढ़ जिले से 172 बच्चे लापता हुए थे। जबकि 2019 में 139 बच्चों के लापता होने का मामला दर्ज है। बच्चों के लापता होने के मामले में सुंदरगढ़ जिले का पांचवां स्थान है। बच्चों के लापता होने के कारण मानव तस्करों सक्रिय होने की आशंका जतायी जा रही है।