श्रीराम मंदिर के लिए सुंदरगढ़ जिले से 2.32 करोड़ रुपये निधि समर्पण
अयोध्या में श्रीराम जन्म भूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए सुंदरगढ़ जिले में मकर संक्रांति के दिन से निधि समर्पण अभियान शुरू किया गया था।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : अयोध्या में श्रीराम जन्म भूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए सुंदरगढ़ जिले में मकर संक्रांति के दिन से निधि समर्पण अभियान शुरू किया गया था। इस अभियान में 2.32 करोड़ रुपये संग्रह होने की बात विहिप के वरिष्ठ नेता शांतनु कुसुम ने कही है। इसके लिए उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं व सामाजिक संगठनों के प्रति आभार प्रकट किया है।
शांतनु कुसुम ने मीडिया को बताया कि नौ नवंबर 2019 को सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद श्रीराम जन्म भूमि में भव्य मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। इसके बाद श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ ट्रस्ट का गठन मंदिर निर्माण के लिए किया गया। साधु-संतो के परामर्श पर देश भर से मंदिर निर्माण के लिए कोष संग्रह की योजना बनी। माघ पूर्णिमा के दिन इसकी शुरुआत की गई थी। सुंदरगढ़ जिले में मकर संक्रांति के दिन अभियान शुरू किया गया। इसमें जिले के हर क्षेत्र के सक्रिय कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। राउरकेला महानगर निगम क्षेत्र में 1,10,753 परिवार में से 90,596 परिवारों से निधि संग्रह किया गया। 640 पुरुष एवं 178 महिला कार्यकर्ताओं ने यह कार्य संपन्न कराया एवं 1,47, 30,989 रुपये संग्रह किए। आसपास क्षेत्र राजगांगपुर, लाठीकटा, कुआरमुंडा, बिसरा, नुआगांव, बणई, गुरुंडिया, कोइड़ा, लहुणीपाड़ा ब्लाक तथा राजगांगपुर, बीरमित्रपुर नगरपालिका के 54, 817 परिवारों से निधि का संग्रह किया गया। इसमें 720 पुरुष तथा 153 महिला कार्यकर्ता शामिल हुए। इनके द्वारा 45,97, 661 रुपये संग्रह किया गया। इसी प्रकार सुंदरगढ़ सांगठनिक जिला के तहत कुतरा, बड़गांव, सबडेगा, बालीशंकरा, हेमगिर, लेफ्रीपाड़ा, टांगरपाली, सदर ब्लाक के 669 गांवों में से 554 गांवों के 1,48, 486 परिवारों में से 77,473 परिवार के पास जाकर निधि संग्रह किया गया। इसमें 694 पुरुष एवं 212 महिला समेत कुल 906 कार्यकर्ताओं ने समयदान किया एवं 39, 49, 612 रुपये संग्रह किया। इस तरह पूरे जिले में 4,09,239 परिवारों में से 2,32,886 ने 2,32,78,261 रुपये निधि समर्पण किया। शांतनु कुसुम ने कहा कि प्रत्येक रामभक्त की सहभागिता के बिना निधि संग्रह अभियान को सफल बनाना संभव नहीं था। इसके लिए उन्होंने सभी के प्रति आभार प्रकट किया है।