बणई के 1866 किसान धान बेचने से वंचित
सुंदरगढ़ जिले के बणई अनुमंडल स्थित 13 लैंपस एवं राजामुंडा आरसीएमएस अधीनस्थ 29 धान मंडी में खरीफ धान खरीदने में भारी अव्यवस्था देखी गई।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : सुंदरगढ़ जिले के बणई अनुमंडल स्थित 13 लैंपस एवं राजामुंडा आरसीएमएस अधीनस्थ 29 धान मंडी में खरीफ धान खरीदने में भारी अव्यवस्था देखी गई। इसके कारण लक्ष्य पूरा नहीं हो पा रहा है। इस साल धान खरीदने का काम अंतिम चरण में है एवं क्षेत्र के 1866 किसान धान बेचने से वंचित हो गए हैं।
खुटगांव लैंपस के अधीन तीन मंडी में 17 किसानों से 440 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है जबकि 26 मंडी बंद हो गए हैं। विमलागढ़ लैंपस में 321 किसानों से 15,822 क्विंटल धान खरीदने के लिए पंजीकरण कराया गया था जिसे रद्द कर दिया गया है। इससे धान बिक्री के लिए टोकन पाने वाले 1866 किसान अपने 9387 क्विंटल धान बेचने से वंचित हो गए हैं। इस वर्ष बणई अनुमंडल से 11,687 किसानों ने का पंजीकरण किया गया था जिसमें से 10,998 को धान बेचने के योग्य पाया गया एवं उन्हें टोकन प्रदान किया गया। 9,568 किसानों से कुल 480592.17 क्विंटल धान खरीदा गया। सरकार से टोकन नहीं मिलने के कारण 22 हजार क्विंटल से अधिक धान की बिक्री नहीं हो पायी। धान खरीदने के लिए 30 मार्च तक की तिथि निर्धारित है ऐसे में बड़ी संख्या में किसान धान बेचने से वंचित हो जायेंगे। इससे जहां उन्हें उनकी फसल का उचित दाम नहीं मिलेगा वहीं बिचौलिये उनसे मनमाने व सस्ते दाम पर धान खरीद कर राइस मिल को बेचेंगे।
आठ डंपर व हाइवा जब्त : बिना परमिट तथा आवश्यक दस्तावेज के माल परिवहन करने के आरोप में आठ डंपर व दो हाइवा को बीरमित्रपुर थाना की पुलिस के द्वारा जब्त किया गया। अवैध तरीके से बालू एवं चिप्स के परिवहन की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी दीप्ति रंजन साहू, सब इंस्पेक्टर दोलमणि नायक की अगुवाई में तलसरा एवं रायबोगा रोड में वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान बालू व चिप्स का अवैध रूप से परिवहन करते दस वाहनों को पकड़ा गया तथा उनसे जुर्माना वसूला गया।