पुरी बंद के दौरान उपद्रव करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
पुरी बंद के दौरान तोड़फोड़ करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भुवनेश्वर, जेएनएन। श्रीमंदिर में कतारबद्ध दर्शन व्यवस्था को विरोध कर श्री जगन्नाथ सेना की तरफ से बुधवार को आहुत बंद के दौरान तोड़फोड़ करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज की जांच कर उपद्रव करने वालों के खिलाफ कानून के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी, किसी भी दोषी को बख्सा नहीं जाएगा, यह बात गुरुवार पूर्वाह्न में पुरी का दौरा करने के बाद पुलिस डीजी डा. राजेन्द्र प्रसाद शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कही है।
डा. शर्मा ने कहा है कि शांति के साथ पालन करने का आह्वान दिया गया था। बंद का आह्वान कुछ खराब नहीं है, इस दौरान रास्ता अवरोध करना भी चल जाएगा, मगर संपत्ति को नष्ट करना या उपद्रव मचाना ठीक नहीं है। प्रदर्शनाकिरियों ने जिस प्रकार से शहर में तोड़ फोड़ किए, पुलिस दफ्तर, एसपी कार्यालय, मंत्री के आवास आदि जगहों पर तोड़-फोड़ की है वह ठीक नही। उपद्रव की सारी सीमा प्रदर्शनकारी लांघ गए हैं। वे सरकारी कार्यालय में तोड़फोड़ करने के साथ राजस्व मंत्री के घर में तोड़फोड़ किए हैं।
प्रदर्शनकारियों को यह समझना होगा कि वे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा कर जनता का ही नुकसान कर रहे हैं। साधारण लोगों के टैक्स से ही सरकारी संपत्ति तैयार होती है। पुलिस डीजी ने कहा है कि सीसीटीवी एवं विडियो फुटेज की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। पुलिस डीजी ने कहा कि आज शहर में स्थिति स्वभाविक है, लोग शांति पूर्वक दर्शन कर रहे हैं। इस अवसर पर पुरी के जिलाधीश, पुलिस आईजी, पुरी जिला एसपी प्रमुख उपस्थित थे।
गौरतलब है कि सुप्रीमकोर्ट के निर्देश पर पुरी श्रीमंदिर में लागू की गई कतारवद्ध दर्शन व्यवस्था का विरोध कर बुधवार को श्री जगन्नाथ सेना की तरफ आहुत पुरी जिला बंद के दौरान शहर में उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे शहर में कानून व्यवस्था बदहाल हो गई। पुरी घुमने एवं महाप्रभु का दर्शन करने भक्तों में भय का माहौल बन गया था। प्रशासन को स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए धारा 144 लागू करनी पड़ी थी। हालांकि प्रशासन द्वारा सख्ती दिखाए जाने के बाद स्थिति सामान्य हो गई और आज सुबह से सामान्य रूप से भक्त दर्शन कर रहे हैं।