तपस्विनी एक्सप्रेस आगजनी कांड का आरोपित गिरफ्तार
विगत 22 मार्च को होली के दिन पुरी स्टेशन पर खड़ी तपस्विनी एक्सप्रेस ट्रेन में आगजनी की घटना में रेल पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
संसू, भुवनेश्वर : विगत 22 मार्च को होली के दिन पुरी स्टेशन पर खड़ी तपस्विनी एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगाने की घटना में रेल पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना का मुख्य आरोपित 28 वर्षीय अशोक प्रधान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जीआरपी पुलिस को दिए गए बयान में आरोपित ने बताया है कि रेल कर्मचारी पर गुस्से के चलते मैंने बोगी में आग लगा दी थी। पहले से कई चोरी की वारदात में अशोक के संलिप्त होने का भी पता चला है। जीआरपी के अनुसार, पेशेवर अपराधी होने के चलते अशोक को पुरी रेलवे स्टेशन में घुसने नहीं दिया जाता था। अशोक पुलिस के इस रवैये से नाराज था। होली के दिन उसे स्टेशन मे घुसने का मौका मिला और उसने बोगी में आग लगा दी थी।। उल्लेखनीय है कि विगत 22 माच्र को होली के दिन दोपहर 12.45 बजे पुरी के चार नंबर प्लेटफार्म पर खड़ी तपस्विनी एक्सप्रेस के एस-4 बोगी में आग लग गई थी इस आग ने एस-3 एवं एस-5 को भी चपेट में ले लिया था।