समान टोल टैक्स के लिए मांगा 48 घंटे का समय
राष्ट्रीय राजमार्ग- 49 में नुआडीही में नवनिर्मित टोल प्लाजा से पिछले महीने ही टैक्स वसूली शुरू की गई है।
संसू, ब्रजराजनगर : राष्ट्रीय राजमार्ग- 49 पर नुआडीही में नवनिर्मित टोल प्लाजा से पिछले महीने ही टैक्स वसूली शुरू की गई थी। इस दौरान स्थानीय लोगो को उनके चार पहिया वाहनों से टैक्स वसूल न करने तथा व्यवसायिक वाहनों से आधा टैक्स वसूलने का आश्वासन दिया गया था। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अनुसार जो भी वाहन आंचलिक परिवहन कार्यालय झरसुगुड़ा में पंजीकृत हैं केवल उन्हें टैक्स में छूट का लाभ मिलेगा। ऐसे में जिनके पास संबलपुर अथवा सुंदरगढ़ में पंजीकृत व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक वाहन है उन्हें इसका लाभ नहीं मिला पा रहा है। इसे लेकर स्थानीय ट्रक मालिक संघों की ओर से मंगलवार को सुबह से शाम तक टोल प्लाजा के समक्ष विरोध-प्रदर्शन किया गया। इसमें ब्रजराजनगर ट्रक मालिक संघ, बंधबहाल के मां समलेइ ट्रक मालिक संघ तथा झारसुगुड़ा के मल्टी एक्सल ट्रक मालिक संघ के सदस्य शामिल हुए। इनका कहना था कि जिलाधीश द्वारा आश्वासन देने के बावजूद उनसे टैक्स की वसूली की जा रही है। जोकि अनैतिक है। इसकी सूचना मिलने के बाद देर शाम राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण संबलपुर के परियोजना निर्देशक पी वेंकेटेश्वरलू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नृपचरण दंडसेना ने ट्रक मालिक संघ के अध्यक्ष अमिय सामल, बंधबहाल के अखिल स्वांई एवं झारसुगुड़ा के मल्टी एक्सल ट्रक मालिक संघ के अध्यक्ष देब कुमार दास के साथ बैठक की। बैठक में राजमार्ग विभाग कुछ समय मांगा लेकिन ट्रक मालिक राजी नही हुए। अंत मे वेंकेटेश्वरलू ने लिखित रूप से समस्या के समाधान के लिए 48 घंटे देने का आग्रह किया। ताकि उच्चाधिकारियों से चर्चा कर इसका समाधान किया जा सके। इस पर ट्रक मालिक राजी हो गए और आंदोलन समाप्त किया। विभागीय अधिकारियों ने ट्रक मालिकों से अनुरोध किया कि जिनके पास बाहरी जिलों के पंजीकृत ट्रक है उनकी पूरी जानकारी उन्हें प्रदान करे ताकि समस्या का समय पर समाधान हो सके।