झारसुगुड़ा जिला अस्पताल में स्थापित होगा मेडिकल कालेज : नवकिशोर दास
झारसुगुड़ा शहर के काली मंदिर रोड स्थित राउतराय बगीचा में बीजू जनता दल का 25वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री नव किशोर दास ने कहा कि बीजद की स्थापना पूर्व मुख्यमंत्री कलिग वीर बीजू पटनायक ने किया था।
संवाद सूत्र, झारसुगुड़ा : झारसुगुड़ा शहर के काली मंदिर रोड स्थित राउतराय बगीचा में बीजू जनता दल का 25वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री नव किशोर दास ने कहा कि बीजद की स्थापना पूर्व मुख्यमंत्री कलिग वीर बीजू पटनायक ने किया था। बीजू बाबू हमेशा बात कम व काम ज्यादा करने पर विश्वास करते थे। उन्हीं का अनुसरण करते हुए उनके पुत्र नवीन पटनायक लगातार पांचवीं बार मुख्यमंत्री बने। नवीन पटनायक राज्य के साढ़े चार करोड़ लोगों के मसीहा बने हुए हैं।
बीजू बाबू ओडिशा को देश के समृद्ध राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए कार्यरत थे। उनका अनुसरण करते हुए नव किशोर दास ने झारसुगुड़ा को राज्य व देश में समृद्ध जिला के रूप में स्थापित करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से झारसुगुड़ा में विकास संबंधी कई कार्य किए। उन्होंने कहा कि जल्द ही झारसुगुड़ा जिला मुख्य अस्पताल में मेडिकल कालेज बनेगा। झारसुगुड़ा में हार्ट व कैंसर अस्पताल पर भी काम प्रगति पर होने की जानकारी उन्होंने दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा गरीब व जरूरतमंदों की उन्नति के लिए तत्पर रहते हैं। कोरोना काल में लोगों को निश्शुल्क इलाज की सुविधा दिलाना सरकार की बड़ी उपलब्धि है। कोरोना के इलाज व टीकाकरण में राज्य के आगे रहने की बात उन्होंने कही। नए वैरिएंट के संक्रमण से बचने के लिए कोराना गाइडलाइन व व्यवहार का पालन करने पर उन्होंने जोर दिया। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल मोड पर राज्यवासियों को बीजद की स्थापना दिवस पर संबोधित किया, जिसका सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर राज्य कार्यकारिणी के सदस्य तापस राय चौधरी, जिला बीजद उपाध्यक्ष रवि सिंह, मनोरंजन महापात्र, राजू पाणिग्रही, बीजद के राज्य सचिव त्रिनाथ ग्वाल, जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष जय कुमारी पटेल, जिला बीजद एसीसी सेल के अध्यक्ष जयकुमार कुंअर व जिला अल्पसंख्यक के अध्यक्ष जाहिद कुरैशी, पूर्व नगरपाल हरिश गणात्रा, शारदा शाह, वंदना मोदी आदि मंचासीन थे। कार्यक्रम का संचालन बीजद के शहर अध्यक्ष संदीप अवस्थी ने किया। स्वागत भाषण सुर्याकांति महापात्र ने दी। अंत में मनोरंजन महापात्र ने धन्यवाद ज्ञापन किया।