धूमिल नहीं होगी फुटबॉलर तनूजा बाग की प्रतिभा
शहर क उपखंड बागडीही की रहने वाली फुटबॉलर तनूजा बाग की प्रतिभा धूमिल नहीं होगी।
संसू, झारसुगुडा : शहर क उपखंड बागडीही की रहने वाली फुटबॉलर तनूजा बाग की प्रतिभा धूमिल नहीं होगी। राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का हिस्सा रही तनूजा बाग की मदद को खुद जिलाधीश ज्योति रंजन प्रधान आगे आए हैं। जिलाधीश ने तनूजा से चर्चा के बाद उसे दो माह तक आर्थिक सहायता देने के साथ ही नौकरी दिलाने का भी भरोसा दिया है।
दरअसल, एक माह पहले की ही बात है। शहर के उपखंड बागडीही की रहने वाली तनूजा बाग ने राष्ट्रीय फुटबॉल टीम में गोलकीपर के रूप स्थान हासिल कर मीडिया की सुर्खियां बन गई थी। अपनी प्रतिभा के बूते तनूजा ने खेल प्रेमियों से लेकर प्रशासन समेत तमाम औद्योगिक घरानों तक को आकर्षित किया था। उस समय शहर के गणमान्य ही नहीं, कई शिल्प संस्थानों ने तनूजा को न सिर्फ पलकों पर बिठाया था बल्कि उसकी प्रतिभा को मुकाम देने के लिए हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया था। कुछेक संस्थान तनूजा की प्रतिभा के इस कदर कायल हुए थे कि उसे अपने उत्पाद का अंबेसडर तक बनाने की इच्छा प्रकट की थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी बड़े-बड़े दावे किए थे। लेकिन राज्यस्तर पर रगबी टीम का भी प्रतिनिधित्व कर चुकी राष्ट्रीय फुटबॉलर तनूजा बाग पारिवारिक समस्या और आर्थिक दुर्दशा के चलते बकरियां चराने को मजबूर है। हालांकि जिला खेल अधिकारी ने तनूजा के संबंध में रिपोर्ट खेल विभाग व मंत्रालय को भेजी थी। लेकिन आज तक कहीं से कोई पहल नहीं हुई है। लेकिन अब जिलाधीश के खुद तनूजा की मदद को आगे आने से शहर की उदीयमान फुटबॉलर के क्षितिज पर चमकने की उम्मीद बढ़ गई है।