देवर्षि के परामर्श पर रीझे मथुरा नरेश कंस
लखनपुर ब्लॉक अंतर्गत बंधबहाल में जारी आंचलिक धनुयात्रा महोत्सव के पांचवे दिन कालिया नाग दलन के साथ अन्य कई प्रसंग आकर्षण का केंद्र रहे।
संसू, ब्रजराजनगर : लखनपुर ब्लॉक अंतर्गत बंधबहाल में जारी आंचलिक धनुयात्रा महोत्सव के पांचवे दिन भगवान श्री कृष्ण द्वारा कालिया नाग का दलन एवं गोपियों के वस्त्र हरण का प्रसंग लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। नगर भ्रमण पर निकले भगवान श्रीकृष्ण एवं बलराम का लोगों ने दर्शन-पूजन किया। वहीं महाराज कंस ने कृष्ण को मारने के लिए नए षड़यंत्र के तहत कालिया नाग को भेजा लेकिन पानी में कृष्ण एवं कालिया के बीच हुई जंग में विषधर की मौत ने कंस के कान खड़े कर दिए। हालांकि इस बीच कंस महाराज ने अपने दरबारियों के साथ हाथी पर सवार होकर राजपाट भी देखा। इस दौरान महाराज कंस ने बंधबहाल स्कूल पहुंचकर वहां शिक्षा के स्तर की जानकारी ली। यहां से महाराज कंस वापस दरबार लौटे तो देवर्षि नारद ने प्रकट होकर उन्हें मथुरा में धनुयात्रा का आयोजन कर कृष्ण एवं बलराम को बुलाए जाने का परामर्श दिया। इस सलाह को मानकर कंस ने अक्रूर को गोपपुर भेजने का निर्णय लिया। शनिवार को महाराज कंस के दरबार में अतिथि पश्चिम ओडिशा विकास परिषद के अध्यक्ष किशोर महंती, परशुराम साहू, सरंडामाल सरपंच पार्वती बेहरा, बीजू जनता दल के जिला महासचिव त्रिनाथ ग्वाल, जिला उपाध्यक्ष शंभू महंती, धनुयात्रा कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष निरंजन कराली, सांगठनिक सचिव प्रदीप कराली, वार्ड सदस्य लक्ष्मी बेहरा आदि ने शिरकत की। उमाकांत पंडा के संचालन आयोजित कार्यक्रम में प्रसन्न प्रजापति, खुशी साहू, दिलीप कराली, राजेश, नरेंद्र, देवांश मंजरी साहू, अशोक साहू आदि ने सहयोग किया।