बंदूक के साथ शिकारी गिरफ्तार
झारसुगुड़ा अंचल के जंगल में जानवरों का शिकार करके पुलिस की पकड़ से अबतक बच रहे शिकारी 55 वर्षीय सुंदर खड़िया को आखिरकार पुलिस ने बंदूक के साथ गिरफ्तार कर लिया।
संवाद सूत्र, ब्रजराजनगर : झारसुगुड़ा अंचल के जंगल में जानवरों का शिकार करके पुलिस की पकड़ से अबतक बच रहे शिकारी 55 वर्षीय सुंदर खड़िया को आखिरकार पुलिस ने बंदूक के साथ गिरफ्तार कर लिया। जिले के कोलाबिरा तथा आसपास के जंगल में जंगली जानवरों तथा पक्षियों का शिकार कर उनका अवैध कारोबार करने वाले गिरोह का सरगना कोलाबिरा गांव का निवासी सुंदर पुलिस तथा वन विभाग के लिए सरदर्द बना हुआ था तथा पुलिस व वन विभाग के कई बार किए गए प्रयास में वह इनके चंगुल/जाल से निकल भागने में सफल होता रहा। इस अंचल में काफी जंगली सुअर (वराह) रहने के कारण जंगली सुअर, हिरन व अन्य जंगली जानवरों का शिकार कर उसका अवैध कारोबार सफलता पूर्वक कर रहा था। जिसके बाद कोलबीरा थानाधिकारी सुकुमार तृप्ति को सूचना मिली की सुंदर घर पर बंदूक के साथ है तब उनके निर्देश पर एएसआई प्रकाश चंद्र दलाई के नेतृत्व में एक टीम ने शुक्रवार मध्यरात्रि सुंदर के कोलबीरा खड़ियापाड़ा स्थित घर पर छापेमारी करके उसे देसी बंदूक के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।