इच्छाशक्ति के अभाव में नहीं हुआ विकास : धर्मेंद्र प्रधान
नवीन पटनायक 19 वर्षों से मुख्यमंत्री हैं। बावजूद लखनपुर ब्लॉक का विकास नही हुआ।
संसू, ब्रजराजनगर : नवीन पटनायक 19 वर्षों से मुख्यमंत्री हैं। बावजूद लखनपुर ब्लॉक का विकास नहीं हुआ। जो साबित करता है कि यहां के विकास में सौतेला व्यवहार किया गया। छत्तीसगढ़ से सटा यह इलाका विकास की धारा से कभी जुड़ा ही नहीं। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवागमन, सिचाई में बीजू जनता दल की गलत नीतियों के कारण आजादी के इतने साल बाद भी पिछड़ा रहा। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लखनपुर ब्लॉक के बंधबहाल फुटबॉल मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए यह बातें कही।
प्रधान ने कहा कि ओड़िशा में भाजपा की सरकार बनी तो 15 साल से कम आयु की लड़कियों से दुष्कर्म करनेवाले को मृत्युदंड का प्रावधान किया जाएगा। गरीबों को 1 रुपये में 5 किलो चावल, आधा किलो दाल व आधा किलो नमक भी देंगे। ताकि कोई कुपोषित नहीं रहे। प्रधान ने भाजपा को दो वोट देकर डबल इंजन की सरकार बनाने की अपील करते हुए 18 अप्रैल को होने वाले चुनाव में पार्टी के लोकसभा उम्मीदवार सुरेश पुजारी तथा विधानसभा उम्मीदवार राधारानी पंडा को जिताने की अपील की। कहा कि देश के विकास एवं भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए केंद्र में मोदी सरकार जबकि ओडिशा के चहुंमुखी विकास के लिए राज्य में भाजपा की सरकार जरूरी है। इस मौके पर पार्टी के लोस उम्मीदवार सुरेश पुजारी, ब्रजराजनगर की उम्मीदवार राधारानी पंडा, जिला परिषद सदस्य सामल नायक, महिला नेत्री मंजू बाला गुरु, मंडल अध्यक्ष विश्वनाथ भोई, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी सुनील पंडा सहित मंगल साहू, प्रमोद सेनापति, अमरेन्द्र रॉय, पुरुषोत्तम थिरानी, प्रचंड जायसवाल, कबी स्वाई, रघुनंदन पंडा प्रमुख उपस्थित रहे।