बीमार रंजू की मदद को आगे आया प्रशासन
संसू ब्रजराजनगर बेलपहाड़ नगरपालिका के वार्ड संख्या 16 के जोराबगा निवासी 28 वर्षीय युवती रं
संसू, ब्रजराजनगर : बेलपहाड़ नगरपालिका के वार्ड संख्या 16 के जोराबगा निवासी 28 वर्षीय युवती रंजू नायक की मदद को प्रशासन ने हाथ बढ़ाया है। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वह अपना इलाज नहीं करा पा रही थी। चलने-फिरने में काफी परेशानी के साथ ही हर दिन उसकी हालत बदतर होते जा रही है। इसकी जानकारी होने के बाद शुक्रवार को प्रशासन की टीम उसके घर एंबुलेंस भेजकर जिला सदर अस्पताल पहुंचाया और इलाज शुरू कराने की पहल की। बता दें, 2018 में उसकी पिता टिकेश्वर नायक का निधन पक्षाघात से हो गया था। रंजू का एकमात्र सहारा उसकी 60 वर्षीय मां शकुंतला नायक है। उन्होंने अपनी तीन पुत्रियों की शादी कर दी एवं अब वह जंगल से लकड़ी तथा कोयला बटोरती है तथा उन्हें बेच कर अपना तथा बीमार पुत्री रंजू का गुजारा करती है। पांच वर्ष की उम्र से ही रंजू अनजान रोग की चपेट में आ गई थी। दुर्बल आर्थिक स्थिति की वजह से इलाज संभव नही हुआ और रोग बढ़ते गया। रंजू का विकलांग प्रमाणपत्र बन गया है लेकिन उसे विकलांग भत्ता नही मिल पाया है।