घायल पत्नी के लिए मदद मांगता रहा पति, दर्शक बने रहे लोग
Road accident Jharsuguda. झारसुगुड़ा में एक सड़क दुघर्टना में गंभीर रूप से घायल एक महिला की मदद के लिए उसका पति गुहार लगाता रहा लेकिन भीड़ तमाशा देखती रही।
झारसुगुड़ा, जेएनएन। लाइकेरा ब्लाक के पाखेलखोल के पास शनिवार की शाम हुई सड़क दुघर्टना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का पति मदद के लिए गुहार लगाता रहा लेकिन भीड़ तमाशबीन बनी रही। काफी देर के बाद इस महिला को एक मारुति कार में लेकर बुर्ला हास्पिटल भर्ती कराया गया है। दुघर्टना में महिला के दोनों पैर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो जाने से उसकी हालत नाजुक बतायी गई है।
लाइकेरा में फलों की दुकान चलाने वाला अशोक मेहर अपनी पत्नी अनीता मेहर (27) व दो बच्चों के साथ दोपहिया वाहन से अंधेरी पहाड़ पर वन दुर्गा महोत्सव देखने जा रहा था। पाखेलखोल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने इनके वाहन को ओवरटेक करने से अनीता का बैलेंस बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई और ट्रक उसके दोनों पैर को कुचलते हुए फरार हो गया।
बुरी तरह से घायल पत्नी को अस्पताल ले जाने के लिए अशोक ने आसपास जुटे लोगों से मदद की गुहार लगायी लेकिन तमाशबीन बनी भीड़ से उसे कोई मदद नहीं मिली। काफी देर बाद वहां से गुजर रही मारुति कार सवार ने घायल अनीता को इलाज के लिए बुर्ला मेडिकल पहुंचाया। जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामला दर्ज कर घटना की जांच में जुटी है।