19 खंड मौजावासियों की सुरक्षा के लिए बने रिग रोड
संसू झारसुगुड़ा कोयला खदान तथा औद्योगिक इकाइयों से भरे झारसुगुड़ा जिला अंतर्गत लखनपुर प्र
संसू, झारसुगुड़ा : कोयला खदान तथा औद्योगिक इकाइयों से भरे झारसुगुड़ा जिला अंतर्गत लखनपुर प्रखंड का 19 खंड मौजा हमेशा सरकारी तंत्र व जनप्रतिनिधियों की अनदेखी का शिकार रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों ने यहां रहने वालों के बारे में कभी नहीं सोचा। उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य तथा बेरोजगारी के अलावा हीराकुद बांध के पीछे की रिजर्वर से आने वाली बाढ़ से इलाके के लोगों का जीवन दूभर हो गया है। इलाके की ज्वलंत समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेंद्र नायक ने की है। वे सोमवार को बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान अस्थाई राहत शिविर खोलने तथा खाद्य सामग्री देकर सरकार अपने कर्तव्य का निवर्हन कर लेती है। लेकिन इस समस्या का स्थायी समाधान करने की पहल कभी नहीं हुई। ऐसे ही हालात ब्रजराजनगर नगरपालिका के कोताबगा, तेलनपाली, रेमजा, गंडघोरा समेत अन्य इलाकों का है।
इस समस्या से स्थायी निजात के लिए जिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 49 के बरघाट स्थित ईब नदी के पुल से लखनपुर के सुखासोढा तक हीराकुद बांध के किनारे किनारे एक रिग रोड का निर्माण करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे न सिर्फ बाढ़ से बचाव होगा बल्कि आवागमन की भी सुविधा होगी। बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने वालों में महेंद्र नायक के अलावा कतरबगा सरपंच रोहित धुरवा, चूड़ामणि धुरवा, रजत महापात्र, प्रेम कुमार खमारी, जन्मजय प्रधान, देवव्रत बारीक तथा मनोज भोई इत्यादि शामिल थे। कार्यकर्ताओं ने चिखिली, शरधा, महूदी, सुखासोढा तथा सिमलिया समेत दर्जनों बाढ़ प्रभावित गांवो का दौरा किया।