शराब मुक्त ओडिशा को पदयात्रा
ओडिशा को शराब मुक्त राज्य बनाने के लिए मिलित ओडिशा निशा निवारण अभियान ने कमर कस ली है।
जासं, कटक : ओडिशा को शराब मुक्त राज्य बनाने के लिए मिलित ओडिशा निशा निवारण अभियान ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में संस्था की ओर से स्थानीय रेलवे स्टेशन से भुवनेश्वर के लिए पदयात्रा शुरू की गई है। अरुंधति देवी, आदित्य पटनायक, सत्यव्रत पृष्टि, पद्मचरण नायक, विजय स्वांई, कान्हू चरण बेहुरा, मलय त्रिपाठी, प्रीता नायक, बासंती आचार्य प्रमुख ने इस पदयात्रा को रवाना किया। संगठन के सैकड़ों सदस्य शराब मुक्त ओडिशा की मांग से जुड़े बैनर एवं प्लाकार्ड हाथों में लेकर भुवनेश्वर के लिए निकले। पदयात्रा 7 फरवरी को भुवनेश्वर पहुंचेगी तथा वहां आंदोलनकारी प्रदर्शन कर अपनी आवाज को बुलंद करेंगे।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार की गलत नीति के चलते राज्य भर में शराब का प्रसार हो रहा है। इससे कई परिवार उजड़ रहे हैं। राज्य के पहले मुख्यमंत्री नवकृष्ण चौधरी ने एक कानून बनाया था मगर उसे लागू नहीं किया गया जिससे ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है। आगामी विधानसभा में इस पर चर्चा कर उसे कार्य में लाने के लिए आंदोलनकारियों ने मांग की है।