ओड़िया फिल्म अभिनेत्री निकिता की मौत पर रहस्य बरकरार
ओड़िया फिल्म अभिनेत्री निकिता उर्फ लक्ष्मी प्रिया की मौत पर रहस्य बरकरार है।
जागरण संवाददाता, कटक : ओड़िया फिल्म अभिनेत्री निकिता उर्फ लक्ष्मी प्रिया की मौत पर रहस्य बरकरार है। निकिता की मौत पर परिवार वाले भी चुप्पी साधे हुए हैं। परिवार का कोई भी सदस्य निकिता की मौत के बारे में कुछ नहीं बता पा रहा है। हालांकि निकिता की शादीशुदा ¨जदगी में कुछ विवाद बना हुआ था, जिससे वह अपने ससुराल को छोड़कर पति से अलग अपने माता-पिता के साथ महानदी विहार स्थित आवास में रहती थीं।
शुक्रवार रात को वह छत से नीचे गिर गई। इसके बाद निकिता को कटक स्थित निजी अस्पताल में भर्ती किया गया जहां पर शनिवार को उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था। इस संदर्भ में पुलिस अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। शनिवार रात को शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया गया। निकिता की मौत पर ओडि़या फिल्म जगत के लोगों ने दुख प्रकट करते हुए अभिनेत्री की मौत रहस्य से पर्दा हटाने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि टीवी सीरियल तपस्या के जरिए मशहूर हुई निकिता ने कई फिल्मों में भी काम किया। तपस्या सीरियल की शूटिंग के दौरान वह कटक निवासी अभिनेता लिपन साहू के संपर्क में आई और दोनों के बीच प्यार हुआ तथा 25 नवंबर 2016 को दोनों की शादी हो गई थी। निकिता का एक 6 महीने का बेटा भी है।
इधर, पुलिस कमिश्नर सत्यजीत महांती ने बताया पुलिस इस घटना की छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद या कोई आरोप मिलने के बाद पुलिस उस पर छानबीन करेगी। फिलहाल अभिनेत्री की मौत को लेकर चारों तरफ चर्चा हो रही है कि निकिता कैसे रात में छत के ऊपर से नीचे गिर गई। वहीं संबलपुर की एलबम अदाकार सिमरन ¨सह की मौत घटना के पश्चात इस घटना को लेकर चर्चा जारी है।