कटक में व्यापारियों ने किया अतिक्रमण अभियान का विरोध
कटक नगर निगम की ओर से शुक्रवार को शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। दरघा बाजार में इस अभियान का व्यापारियों ने विरोध करते हुए पथावरोध किया।
जागरण संवाददाता, कटक : कटक नगर निगम की ओर से शुक्रवार को शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। दरघा बाजार इलाके में अभियान के तहत कई व्यापारियों की होर्डिग, साइनबोर्ड के साथ कुछ इमारत के हिस्से को भी तोड़ दिया गया है। दरघा बाजार थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर कुछ दुकानों के साइनबोर्ड एवं इमारत को तोड़े जाने से व्यापारियों में आक्रोश भड़क उठा। व्यापारी निगम की ओर पूर्व सूचना दिए अभियान चलाए जाने का आरोप लगाते हुए सड़क पर उतरकर मार्ग को जाम कर दिया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें इस संबंध में कोई नोटिस नहीं दी गई और ना ही माइक के जरिए उन्हें अवगत कराया गया है। इससे हमारी लाखों की संपत्ति को बिना किसी नोटिस के कैसे तोड़ा गया है। व्यापारी सड़क पर टायर जलाकर आवागमन को ठप कर दिया। इससे मौके पर तनाव का माहौल बन जाने से अधिक पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कुछ जगहों पर वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। लोगों के मुताबिक पुलिस की मदद से यह जो कार्रवाई नगर निगम की तरफ से की गई है, वह गैरकानूनी है। इसके खिलाफ वे चुप नहीं बैंठेंगे।