कंदरपुर पुलिस ने किया चोर गिरोह का पर्दाफाश
नगर अंतर्गत कंदरपुर पुलिस ने चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए आठ सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।
जागरण संवाददाता, कटक : नगर अंतर्गत कंदरपुर पुलिस ने चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 23 पानी पंप मोटर, एक जेनरेटर, एक एसी बरामद किया गया है। आरोपितों में कंदरपुर थाना क्षेत्र के कमरपदा गांव का राजा उर्फ राजीव लोचन हाती, कोरपदर का बादल कुमार साहू, केशपुर का नील उर्फ जन्मेजय दास, राजा उर्फ राजीव बेहरा, बिरिडी बलिकुदा का सागर कुमार भोई सफीपुर का दीनबंधु बेऊरा, रामकुमारपुर का विष्णु चरण भुइयां और मानपुर का अशोक कुमार भोई शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
बताया गया है कि केशपुर गांव के दिलीप कुमार सामंतराय कंदरपुर थाना अंतर्गत बड़पोई के पास नया घर बना रहे हैं। बीते 20 नवंबर की रात को उनके निर्माणाधीन घर से पानी मोटर पंप चोरी हो गई थी। इस बारे में दिलीप द्वारा 21 नवंबर को थाने में मामला दर्ज कराया था। पुलिस घटना की छानबीन शुरू करते हुए राजीव लोचन हाथी एवं बादल कुमार साहू को पकड़ कर थाने लाकर पूछताछ की तो गिरोह के बारे में पता चला। इसके बाद एक के बाद एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों में से 5 आरोपी चोरी करते थे जबकि अन्य 3 चोरी को सामान अन्यत्र ले जाकर बेच देता था। आरोपित दीनबंधु, विष्णु और अशोक बेचने की जिम्मेदारी लिए थे जबकि गिरोह के अन्य सदस्य चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। कंदरपुर थानेदार आरके बल ने टीम के साथ मिलकर इस गिरोह का पर्दाफाश किया।