किसी भी मामले की छानबीन में तह तक जाना जरूरी : डीजीपी
विभिन्न मामलों को सफलता के साथ जांच करना एवं आरोपितों को दोषी करार करने में अहम भूमिका निभाने वाले 25 जांच अधिकारियों को राज्य के पुलिस महानिदेशक विजय कुमार शर्मा ने सम्मानित किया।
जासं, कटक : विभिन्न मामलों को सफलता के साथ जांच करना एवं आरोपितों को दोषी करार करने में अहम भूमिका निभाने वाले 25 जांच अधिकारियों (आइओ) को राज्य पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विजय कुमार शर्मा ने सम्मानित किया है। पुलिस मुख्यालय परिसर में क्राइमब्रांच की ओर से आयोजित कार्यक्रम में डीजीपी शर्मा ने जांच अधिकारियों के प्रयास से दोषी करार देने के मामले में बढ़ोतरी होने पर संतोष व्यक्त किया। कहा कि किसी भी मामले की छानबीन करते समय उसकी तह तक जाकर उसकी जांच वैज्ञानिक व अत्याधुनिक ढंग से करने पर ही सफलता प्राप्त होती है और आरोपित को अदालत में दोषी करार किया जा सकता है। ऐसे में प्रत्येक जांच अधिकारी को विभिन्न पहलुओं पर ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जांच अधिकारी आगे भी इसी तरह से और अधिक सफलता अíजत करेंगे, यह उम्मीद है। क्राइमब्रांच के डीजी संतोष उपाध्याय की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में क्राइमब्रांच के डीआइजी अमितेंद्र नाथ सिन्हा एवं एसपी सुधांशु शेखर मिश्रा प्रमुख मौजूद थे। इससे पहले भी विभिन्न मामलों में सफलता के साथ जांच कर आरोपितों को दोषी करार करने वाले पुलिस अधिकारियों को डीजीपी सम्मानित कर चुके हैं।