तेरापंथ समाज कटक के निर्विरोध अध्यक्ष बने अशोक
तेरापंथ समाज कटक के अध्यक्ष के रूप में अशोक सिपानी निर्विरोध चुन लिए गए हैं।
जागरण संवाददाता, कटक : तेरापंथ समाज, कटक के अध्यक्ष के रूप में अशोक सिपानी निर्विरोध चुन लिए गए हैं। दैनिक जागरण से बातचीत में उन्होंने कहा कि कटक तेरापंथ समाज के लिए गौरव की बात है कि तेरापंथ सभा के अध्यक्ष के रूप में उनके जैसे युवा नेता को निर्विरोध नेतृत्व मिला है। अशोक सिपानी को समाजसेवी और अच्छे कार्यकर्ता के रूप में समाज में जाना जाता है। कोरोना काल में •ाूम मीटिग द्वारा अशोक सिपानी को समाज के सदस्यों और पदाधिकारियों ने बधाई दी।
उल्लेखनीय है कि अशोक सिपानी सामाजिक क्षेत्र में सदैव सक्रिय रहते हैं। उन्हें नेशनल हयूमन राइट काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य भी बनाया गया है। कोरोना काल में जरूरतमंद लोगों की मदद में भी आगे रहे। उनका कहना है कि सेवा भाव की मनोवृत्ति के कारण ही हमारे समाज के लोगों ने हमें मौका दिया है। निर्विरोध चुने जाने के बाद सिपानी ने समाज के सभी सदस्यों और वरिष्ठों के प्रति आभार जताया है। कहा कि उनके कंधों पर एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसे तन-मन-धन से पूरा करने के लिए दिन-रात एक करेंगे। कहा कि समाज की सेवा के लिए मैं सदैव तत्पर हूं और रहूंगा। समाज को हमसे जो उम्मीदें है, उसे हरसंभव पूरा करने के लिए प्रयास करूंगा। अध्यक्ष के नाते उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया कि कोरोना महामारी के खिलाफ हमें एकजुट होकर लड़ना होगा। एकजुटता हमें कोविड नियमों के पालन में दिखानी होगी। मास्क पहनना होगा, सामाजिक दूरी रखनी होगी और समाज में सहयोग की भावना को जगाए रखते हुए एक-दूसरे का जितना हो सके सहयोग करना होगा। उन्होंने आह्वान किया कि जब घर से निकलें मास्क जरूर पहनें और शारीरिक दूरी का पालन करें। अशोक सिपानी की धर्म पत्नी मंजू सिपानी भी सामाजिक क्षेत्र में अपनी कृति फैला चुकी है। वह विगत तीन वर्षों से लायंस क्लब ऑफ कटक पर्ल में अध्यक्ष के रूप में काम कर रही है तथा मातृशक्ति कटक शाखा में भी सक्रिय भूमिका में हैं। अपने पति के अध्यक्ष होने पर खुशी जाहिर किया है।