बेटे ने की सौतेली मां की हत्या, पिता ने थाने में की शिकायत; बेटा गिरफ्तार
ओडिशा के नवरंगपुर जिले के दवागुड़ासाही में एक बेटे ने अपनी सौतेली मां की हत्या कर दी महिला का नाम रानू महापात्र है।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। नवरंगपुर जिले के दवागुड़ासाही में एक महिला की गला दबाकर उसके सौतेले बेटे ने हत्या कर दी है। इस संदर्भ में बेटे के पिता श्रीधर महापात्र ने नवरंगपुर टाउन थाना में शिकायत की है। अभियुक्त बेटे सूर्यकांत महापात्र को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मृतक महिला का नाम रानू महापात्र है।
खबर के मुताबिक श्रीधर ने अपनी पहली पत्नी की मौत के बाद दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से दो बेटे एवं दो बेटी थी और दूसरी पत्नी से एक विकलांग बेटा है। श्रीधर का बड़ा बेटा बाहर रहकर नौकरी करता है। दोनों बेटियों की शादी हो गई है। छोटा बेटा सूर्यकांत घर पर रहता था। पिता के दूसरी शादी करने के बाद घर के मालिकाना को लेकर हर समय परिवार में झगड़ा होते रहता था। सोमवार सुबह के समय घर के मालिकाना को लेकर सौतेली मां एवं सूर्यकांत के बीच कहासुनी हुई। इससे गुस्साए सूर्यकांत ने सौतेली मां की गला दबाकर हत्या कर दी। इस समय पिता श्रीधर घर पर नहीं थे। श्रीधर जब घर पहुंचे तब उन्हें पूरी बात पता चली तो उन्होंने इस संदर्भ में अपने छोटे बेटे के नाम पर थाना में लिखित शिकायत की। पुलिस मौके पर पहुंचकर अभियुक्त बेटे को गिरफ्तार करने के साथ घटना की छानबीन शुरु कर दी है।
साली ने जीजा पर लगाया दुष्कर्म का आरोप
सुंदरगढ़ के आदर्श थाना क्षेत्र की एक युवती ने अपने रिश्ते के जीजा के खिलाफ दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में थाने में शिकायत के बाद पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। युवती ने आरोप लगाया है कि रिश्ते के जीजा विजय केरकेटटा ने उसके कपड़े फाड़ दिए एवं दुष्कर्म का प्रयास किया। उसके साथ मारपीट भी की। घटना के बाद से आरोपित फरार है।
नाले में डूबने से तीन साल के बच्चे की मौत
कलुंगा पुलिस चौकी अंतर्गत तुमरन गांव में नाले में डूबने से तीन साल के दिनेश किसान की मौत हो गई। वह अपनी मां के पीछे-पीछे पास के नाले में गया था। अचानक वह पानी में गिर गया और बह गया। किसी तरह उसे पानी से बाहर निकालकर राउरकेला सरकारी अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। तुमरन गांव निवासी बनो किसान की पत्नी पास के नाले में शौच के लिए गई थी। तीन वर्षीय पुत्र दिनेश किसान भी उसके पीछे-पीछे चला गया और वहां हादसे का शिकार हो गया।