कोविड अस्पताल के बारे में भ्रमात्मक खबर प्रसारित करने के मामले में दो व्यक्ति पुलिस रिमांड पर
कोविड अस्पताल के बारे में भ्रमात्मक खबर प्रसारित करने के मामले में ओरटेल कम्युनिकेशन के दो कर्मचारियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। एक निजी टीवी चैनल पर कोविड अस्पताल के बारे में भ्रमात्मक खबर प्रसारित करने के मामले में गिरफ्तार दो अभियुक्तों को पुलिस ने रिमांड पर लिया है। इन दो अभियुक्तों में ओरटेल कम्युनिकेशन के कर्मचारी लक्ष्मीकांत बेहेरा एवं उनके एक दोस्त विश्वजीत महांति शामिल हैं। सोमवार को लक्ष्मीकांत एवं विश्वजीत को कैपिटल थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट चालान किया था। लक्ष्मीकांत एवं विश्वजीत भुवनेश्वर ने भुवनेश्वर झारपड़ा जेल में थे। उन्हें तीन दिन के रिमांड पर लेने के लिए पुलिस एसडीजेएम कोर्ट ने अनुमति दी थी। आज इन्हें कैपिटल थाना पुलिस ने रिमांड पर लिया है। लक्ष्मीकात एवं विश्वजीत से पुलिस तीन दिनों तक पूछताछ करेगी।
जानकारी के मुताबिक लक्ष्मीकांत बेहेरा को कोरोना हुआ था। कोरोना से स्वस्थ होकर लौटने के बाद लक्ष्मीकांत एवं विश्वजीत के बीच हुई फोन पर बात हुई जिसका आडियो विश्वजीत ने सोशल मीडिया में वायरल करा दिया। यह वायरल आडियो एक निजी टीवी चैनल के डिजिटल प्लेटफार्म में पोस्ट किया गया था। इसे लेकर भुवनेश्वर नगर निगम की तरफ से कैपिटल थाना में शिकायत की गई। इसके बाद ओरटेल कर्मचारी लक्ष्मीकांत बेहेरा एवं उनके साथी विश्वजीत महांति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। अब आज उन्हें तीन दिन के रिमांड पर पुलिस ने लिया है। दोनों से तीन दिन तक पुलिस अधिक पूछताछ करेगी।
बता दें कि ओडिशा में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं जिसे देखते हुए लोगों में अब खौंफ पैदा होना शुरु हो गया है। मंगलवार को भी राज्य में जहां 1341 नए संक्रमित मरीज की पहचान हुई तो हीं 10 लोगों की कोरोना से जान चली गई है। सरकार एवं प्रशासन एवं लोगों के लिए चिंता का सबसे कारण यह है कि स्थानीय संक्रमण की रफ्तार भी तेज हो गयी है। अब तक यहां 6 लाख 92 हजार 301 लोगों की कोविड जांच हो चुकी है, इसमें 48796 लोग संक्रमित पाए गए हैं। 33 हजार 20 लोग अब तक स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं जबकि 15 हजार 427 सक्रिय मामले हैं जिनका विभिन्न कोविड अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसके अलावा 296 लोगों की अब तक कोरोना से जान जा चुकी है जबकि 53 कोरोना संक्रमित मरीज की मौत कोरोना से नहीं बल्कि कोरोना से स्वस्थ होने के बाद अन्य बीमारी से हुई है।