बात में नहीं, काम करने में विश्वास करते हैं हम: नवीन पटनायक
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बीजू जनता दल की ओर से जनसंपर्क पदयात्रा का प्रदेश की राजधानी के झरना साही से शुभारंभ किया।
भुवनेश्वर, जेएनएन। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर मंगलवार को बीजू जनता दल की ओर से एक माह तक चलने वाली जनसंपर्क पदयात्रा का प्रदेश की राजधानी के झरना साही से शुभारंभ किया। यह पदयात्रा दो नवंबर तक चलेगी। इस पदयात्रा के जरिए बीजद के नेता एवं कार्यकर्ता पूरे राज्य में घूम घूम कर प्रदेश की नवीन पटनायक सरकार द्वारा जनहित में किए गए कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि हम बात में नहीं बल्कि काम करने में विश्वास करते हैं। हमने जनता से जो वादा किया था उसे पूरा किया है। पिछले चार साल में हमारी सरकार द्वारा 18 लाख पक्का घर तैयार किया गया है। हमारी सामाजिक सुरक्षा देश में माडल का काम कर रही है। बस्ती वासियों का पुनर्वास हमारा एक अच्छा कदम है। इसी तरह बीजू स्वास्थ्य योजना भी बड़ा कल्याणकारी कदम है।
लोगों को पता है कि कौन अपने वादा को पूरा कर रहा है और कौन नहीं। भाजपा और कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि खाली मटके में आवाज ज्यादा होती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना इस प्रदेश में सफल नहीं हुई तो फिर राज्य सरकार ने अपनी खाद्य सुरक्षा योजना शुरू की है, जो आज से शुरू हो रही है। बीजू खाद्य सुरक्षा योजना में 25 लाख लोगों को लाभ मिलेगा। बीपीएल
एपीएल सभी को इसमें लाभ मिलेगा।
राज्य के लोगों के लिए पैसे का कोई अभाव नहीं है। इस अवसर पर बीजद के तमाम नेता, मंत्री, सांसद व काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। बाद में सांसद प्रसन्न पाटशाणी ने कहा कि पार्टी की यह पदयात्रा लोगों के पास पहुंचेगी और इस पदयात्रा के जरिए लोगों को नवीन पटनायक सरकार द्वारा उठाए जन कल्याणकारी कदमों की जानकारी दी जाएगी।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने बालकाटी-बालीअंता पुराने जगन्नाथ मार्ग पर कुशभद्रा नदी पर बनाए गए महात्मा सेतु का भी लोकार्पण किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री नवीन पटनयाक ने खुर्दा जिला बालीअंता गांधी पीठ में आयोजित गांधी जी व ओडिशा शीर्षक फोटो चित्र प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करने के साथ उसका परिदर्शन भी किया।