मयूरभंज में एंबुलेंस कर्मचारियों को पीटा
ओडिशा के मयूरभंज जिला के बड़साही थाना अंतर्गत बुधवार देर रात करीब दो बजे उदला बारीपदा मार्ग पर चाउलिआशोल के पास 108 एंबुलेंस के ट्राली से टकरा जाने के बाद जमकर बवाल हुआ।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : ओडिशा के मयूरभंज जिला के बड़साही थाना अंतर्गत बुधवार देर रात करीब 2 बजे उदला-बारीपदा मार्ग पर चाउलिआशोल के पास 108 एंबुलेंस द्वारा ट्राली को धक्का मारने के बाद बवाल हो गया। स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाकारी एंबुलेंस में सवार कर्मचारियों के साथ मारपीट की जिससे चालक, फार्मासिस्ट एवं अन्य एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। इन सभी को बारीपदा अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस घटना के बाद अभियुक्तों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए एंबुंलेंस चालक एवं कर्मचारियों ने मांग की है। एंबुलेंस चालक एवं कर्मचारियों का कहना है कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो हम आंदोलन शुरू करेंगे।
घटनाक्रम के अनुसार, उदला से 108 एंबुलेंस रोगी को लेकर बारीपदा जा रही थी। रात में घना कुहासा होने से चाउलिआशोल गांव के पास एक ट्राली से एंबुलेंस टकरा गई। इसके बाद बारीपदा से अन्य एक एंबुलेंस मंगाकर रोगियों को उसमें स्थानांतरित करते समय स्थानीय कुछ युवकों ने दोनों एंबुलेंस चालक एवं फार्मासिस्ट की पिटाई कर दी। इसके बाद घायल फार्मासिस्ट बेणुधर महांती, मानस दास, चालक प्रशांत पात्र, मनोज बेहरा, अटेंडेंट सागर मुदुली तथा लक्ष्मण नाथ ने बड़साही थाना को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को अस्पताल पहुंचाया। यह खबर फैलने के बाद गुरुवार को एंबुलेंस चालक व कर्मचारी संघ ने घटना की ¨नदा की और अभियुक्तों को गिरफ्तार करने की मांग की है। संघ ने कहा है कि अभियुक्तों को यदि गिरफ्तार नहीं किया तो फिर कर्मचारी संघ की तरफ से सामूहिक रूप से आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है। बड़साही थाना पुलिस ने एक मामला दर्ज कर घटना की छानबीन कर रही है।