किसानों ने खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री को दिखाया काला झंडा
बलांगीर दौरे पर गए खाद्य एवं आपूíत मंत्री सूर्य नारायण को किसानों ने काला झंडा दिखाने के साथ गो बैक का नारा लगाया।
भुवनेश्वर, जेएनएन। बलांगीर दौरे पर गए खाद्य एवं आपूíत मंत्री सूर्य नारायण को सोमवार को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा है। किसानों ने मंत्री को काला झंडा दिखाने के साथ गो बैक का नारा लगाया। मंत्री लोइसिंघा चुनाव क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ करने के लिए जा रहे थे, रास्ते में मंत्री की कार रोक कर किसानों ने अपना विरोध प्रकट किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंत्री श्रीपात्र सड़क मार्ग से होकर लोइसिंघा की तरफ जा रहे थे तभी चंदनभाटी कर्कचिया के पास कुछ किसानों ने उनकी कार को रोक लिया। गाड़ी रुकने पर किसानों ने मंत्री से कार के बाहर आने को कहा। इस पर मंत्री कार से नीचे उतर गए। किसानों ने मंत्री को नमस्कार किया और फिर सवालों की झड़ी लगा दी। किसानों ने मंत्री से पूछा कि बलांगीर के पांच ब्लाक व लोइसिंघा के 3 ब्लाक के किसानों को कृषि बीमा राशि क्यों नहीं मिली यह किसकी गलती है। किसानों से इन सवालों को सुन मंत्री सन्न रह गए। मंत्री ने कहा कि आपकी जो भी शिकायत है उसे लिखित रूप में दें। इस पर किसानों ने कहा कि कागज पर लिखने को कहकर हमें बेवकूफ बनाने की कोशिश की जाती है। किसानों ने कहा कि यह स्पष्ट किया जाए की हमें बीमा की राशि कब मिलेगी।
इसी बीच एक किसान ने कहा कि हम कांग्रेसी हैं। आपका स्वागत करने के लिए रास्ते में खड़े हैं। इस पर मंत्री ने कहा कि आप कांग्रेसी हो या अन्य किसी पार्टी का पहले आप सब किसान हैं। इस तरह रास्ते पर ही मंत्री एवं किसानों के बीच कुछ देर तक चर्चा जारी रही। मंत्री ने किसानों से कहा कि आपकी जो भी समस्या है, लिखित रूप में दें, मैं जिलाधीश से बात करूंगा, किसान उनकी बात पर राजी नहीं हुए। अंत में मंत्री ने किसानों को नमस्कार करते हुए कार के अंदर जाने लगे, इस पर किसान सूर्य नारायण पात्र गो बैक सूर्यनारायण पात्र गो बैक नारेबाजी करने लगे। इस दौरान कुछ किसानों ने उन्हें काला झंडा भी दिखाया।