नेशंस प्राइड बुक ऑफ रिकार्ड में दर्ज होगा ट्रंासजेंडर मीरा का नाम
नेशंस प्राइड बुक ऑफ रिकार्ड में देश के पहले ट्रांसजेंडर के रूप में मीरा परिड़ा का नाम दर्ज होने जा रहा है।
शेषनाथ राय, भुवनेश्वर (ओडिशा) :
नेशंस प्राइड बुक ऑफ रिकार्ड में देश के पहले ट्रांसजेंडर के रूप में मीरा परिड़ा का नाम दर्ज होने जा रहा है। आगामी 14 अगस्त को हरियाणा राज्य के गुरुग्राम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मीरा परिड़ा का नाम राष्ट्रीय गौरव खिताब पुस्तिका में उनके जनकल्याणकारी व समाजहित कार्यो के लिए दर्ज किया जाएगा। यह जानकारी मीरा परिड़ा ने दैनिक जागरण से बातचीत के क्रम में दी। बताया कि नेशंस प्राइड बुक ऑफ रिकॉडर््स के डायरेक्टर गुंजन मेहता सह सीईओ पुष्कर मेहता ने उन्हें इसकी जानकारी दी है। मीरा ने कहा कि इससे पहले ओडिशा से केवल केंद्रीय मंत्री प्रताप चंद्र षाड़ंगी का नाम उनकी सरलता, समाजसेवा के लिए दर्ज किया गया है।
मीरा ने बताया कि हमने जिदगी में संघर्ष के बूते जो मुकाम हासिल किया है उसके लिए नेशंस प्राइड बुक ऑफ रिकॉडर््स की टीम ने सराहा है। हालांकि मेरी जिदगी का अब एकमात्र उद्देश्य है कि आम लोगों की तरह किन्नरों को भी समाज में आत्मसम्मान मिले। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बावजूद समाज में आज भी उन्हें वह सम्मान नहीं मिल रहा है। इसके लिए मैं आजीवन अपना संघर्ष जारी रखूंगी।
मीरा ने बताया कि 2014 से सर्वोच्च न्यायालय ने थर्ड जेंडर की स्वीकृति दी है, मगर सोशल मीडिया से लेकर प्रत्येक जगह आज भी हमारा अनादार हो रहा है। सोशल मीडिया में लोग किन्नरों का आदर करें, इसके लिए हमारी लड़ाई आजीवन जारी रहेगी। आज हमें जो सम्मान मिल रहा है, यह केवल मेरे लिए नहीं बल्कि पूरे भारत के किन्नरों के लिए अच्छी खबर है। लोगों की भ्रांतियों को दूर करने के लिए यह उपलब्धि प्रेरणा का काम करेगी। कम्युनिटी के लिए और अधिक काम करने को हमें उत्साहित करेगी।
इंटरनेशनल विजिटर लीडरशिप प्रोग्राम में ले चुकी हैं भाग : इस उपलब्धि के लिए उनके नाम का चयन किस प्रकार से हुआ पूछे जाने पर मीरा ने बताया कि मैं सामाजिक काम करती हूं। बाहर की कई संस्थाएं व लोग हमारे फॉलोवर हैं। 2016 में मैंने व्हाइट हाउस में इंटरनेशनल विजिटर लीडरशिप प्रोग्राम में भाग लिया था। लोगों के जागरूक करने के लिए सोशल मीडिया में नियमित सकारात्मक संदेश पोस्ट करती हूं। संस्था के अध्यक्ष ने सोशल मीडिया में पोस्ट को देखकर नेशंस प्राइड के चुना। उन्होंने बताया कि पूरे भारत में मेरा पहला और एकमात्र ट्रासजेंडर एंटरप्रिन्योर हैं, जहां पर ट्रॉसजेडरों को रोजगार दिया गया है, यहां पर 12 लोग काम कर रहे हैं। मीरा पहली ट्रासजेंडर रोटरियन इन इंडिया हैं।
देश एवं प्रदेश में सैकड़ों सम्मान से नवाजी चुकी हैं मीरा : मीरा परिड़ा को उनके सामाजिक कार्य के लिए न सिर्फ ओडिशा बल्कि देश के विभिन्न सरकारी एवं निजी संस्थानों द्वारा एक दो बार नहीं, सैकड़ों बार सम्मानित सम्मानित किया जा चुका है। इनमें से कुछ प्रमुख सम्मान में वर्ष 2016 में ओडिशा सरकार ने सामाजिक कार्य के लिए राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया है। वर्ष 2016 में ही एचआइवी एड्स के मास्टर ट्रेनर के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बेस्ट ट्रासजेंडर लीडर सम्मान, 2017 में चिता व चेतना की तरफ से नेशनल बैशाखी अवार्ड, 2017 में ही चेंज एजेंडा ऑफ ओडिशा सम्मान से सम्मानित किया गया है। इसके अलावा 2016 में सैंडिएगो के मेयर ने भी विशेष रूप से सम्मानित किया था। 2018 में नेशनल ह्यूमन वेलफेयर काउंसिल दिल्ली की तरफ से भारतश्री अवार्ड सम्मानित किया गया है।