ओडिशा में चल रही है संवेदनहीन सरकार : प्रधान
ओडिशा में बालेश्वर सदर एवं तिर्तोल विधानसभा सीट के लिए हो रहा उप चुनाव धीरे-धीरे रोचक होता जा रहा है।
संसू, भुवनेश्वर : ओडिशा में बालेश्वर सदर एवं तिर्तोल विधानसभा सीट के लिए हो रहा उप चुनाव धीरे-धीरे रोचक होता जा रहा है। एक ओर जहां शासक बीजू जनता दल दोनों सीट जीतने के लिए पूरा दमखम लगा रहा है। वहीं, दूसरी ओर भाजपा भी पीछे नहीं है। इसी क्रम में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने प्रदेश सरकार पर सीधा हमला बोला है। प्रधान ने कहा कि राज्य में एक निकम्मी और नकारा सरकार काम कर रही है जिसके लिए दलहित ही सर्वोपरि है। प्रधान ने कहा कि कोरोना से मुकाबला करने के लिए केंद्र सरकार पर्याप्त धनराशि भेज रही है मगर राज्य सरकार इसका सही उपयोग नहीं कर है। राज्य में स्वास्थ्य सेवा बिल्कुल बदहाल है। तिर्तोल उप चुनाप के लिए धर्मेद्र प्रधान ने वर्चुअल प्रचार का सहारा लिया और वेब के जरिए मतदाताओं को संबोधित करते हुए राज्य सरकार को आडे हाथों लिया। प्रधान ने कहा कि मौजूदा सरकार चुनाव के समय बड़े-बड़े आश्वासन देती है लेकिन काम कुछ नही हो रहा है। लोगों ने 3.3 उप चुनाव में इस सरकार की झुठी बातें सुनी है। अब समय आ गया है कि वोटर इस संवेदनहीन सरकार को वोट की ताकत दिखाएं। प्रधान ने कहा कि प्रदेश में एक संवेदनहीन सरकार चल रही है। अत: वोटरों को चाहिए कि इस संवेदनहीन सरकार को उपचुनाव में एक कडा संदेश दें। उन्होंने वोटरों का आह्वान किया कि भाजपा के उम्मीदवार को विजयी बनाएं।
उधर, भाजपा संपादक लेखाश्री सामंतसिंहार ने भी सरकार के खिलाफ हमला बोला है। लेखाश्री ने कहा कि राज्य सरकार कोविड परिचालन के लिए अपनी पीठ थपथपा रही है मगर सरकार के चार मंत्री कोरोना गाइडलाइन का खुल्लम-खुल्ला उल्लंघन करते पाए गए हैं। सरकार के मंत्री रणेन्द्र प्रताप स्वाई ने हाल ही में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस सभा में 1000 से ज्यादा युवक शामिल हैं। यह दावा बताता है कि मंत्री ही कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन कर रहे हैं। जब नियम से अधिक लोगों के सभा में होने की बात खुद मंत्री ने कही है तो ऐसे में चुनाव आयोग को चाहिए कि मंत्री महोदय के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।