Odisha Rain Alert: ओडिशा में अगले 12 घंटे तक बिजली की गड़गड़ाहट के साथ होगी बारिश, इन 8 जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट
Odisha Rain Alert ओडिशा में दक्षिण पश्चिम मानसूनी वायु सक्रिय रहने से अगले 12 घंटे तक राज्य के 8 जिलों सुन्दरगड़ केन्दुझर मयूरभंज झारसुगुड़ा बरगड़ सम्बलपुर देवगड़ और अनुगुल में बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने पीली चेतावनी जारी की है।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। वेलमार्क लो प्रेसर कमजोर होने से राज्य में बारिश का परिमाण धीरे-धीरे कम हो रहा है। उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी एवं पश्चिम बंगाल तटीय क्षेत्र में बना कम दबाव का क्षेत्र अब झारखंड के ऊपर वेलमार्क लो प्रेसर बना है। इसके प्रभाव ओडिशा के तटीय जिलों पर नहीं पड़ेगा। हालांकि राज्य में दक्षिण पश्चिम मानसूनी वायु सक्रिय रहने से अगले 12 घंटे तक राज्य के कुछ जिलों में बिजली की गड़गड़ाहट के साथ बारिश होने की सम्भावना है।
इन आठ जिलों के लिए जारी की गई है पीली चेतावनी
सुन्दरगड़, केन्दुझर, मयूरभंज, झारसुगुड़ा, बरगड़, सम्बलपुर, देवगड़, अनुगुल आदि जिलों में बारिश होने की आशंका है। ऐसे में इन आठ जिलो के लिए पीली चेतावनी जारी की गई है।
वहीं दूसरी तरफ कम दबाव के प्रभाव से हुई बारिश के कारण जलका नदी में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। जिले के बस्ता ब्लाक के मथानी में नदी का खतरे का निशान 5.5 मीटर है जबकि यहां पर नदी 5.98 मीटर पर प्रवाहित हो रही है। नदी के ऊपरी हिस्से में बारिश होने के कारण मयूरभंज जिले के सुलियापदा, मोरड़ा, चित्रड़ा, रासगोविन्दपुर इलाके में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। निचले इलाके के कई गांव पानी के घेरे में हैं। लगातार बारिश एवं बाढ़ के कारण निचले इलाकों में रहने वालों की मुसीबत बढ़ गई है।