स्मार्ट सिटी भुवनेश्वर में रास्ते बदहाल: भाजपा ने कटाक्ष करते हुए निकाली रैली
अग्रणी स्मार्ट सिटी (Smart City) के रूप में पहचाने जाने वाली भुवनेश्वर महानगर निगम (Bhubaneswar Metropolitan Corporation) के कामकाज पर कटाक्ष करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने खराब रास्तों को दुरुस्त करवाने के लिए प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में शामिल हुए भाजपा कर्मी।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। देश की अग्रणी स्मार्ट सिटी (Smart City) के तौर पर पहचान बनाने वाले भुवनेश्वर महानगर निगम (Bhubaneswar Metropolitan Corporation) के कामकाज पर कटाक्ष करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने बदहाल रास्तों के मरम्मत को लेकर प्रदर्शन किया। भाजपा ने राजधानी के विभिन्न इलाकों में मरम्मत के नाम पर जगह-जगह खोदे गये रास्तों के प्रति बीएमसी के सौतेले व्यवहार को मुद्दा बनाते हुए एक रैली निकाली। लिंगराज मंडल के द्वारा आयोजित इस रैली में महानगर के रास्तों के तुरंत मरम्मत की मांग को लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कर्मी शामिल हुए।
भुवनेश्वर के पुनामा गैट से डाक बंगलो चौक, आनि हाउस चौक, भीम टांगी होते हुए भीमकुण्ड मंदिर तक रैली का आयोजन किया गया जिसमें शहर के खस्ताहाल सडकों के मरम्मत की मांग में नारे लगाए गये और लोगों का ध्यान आकर्षित किया गया। बीएमसी के मनमाने रवैये के कारण आम जनता को होने वाली दिक्कत के प्रति लोगों का ध्यान आकर्षित करने के साथ समस्या के समाधान हेतु निकाली गई इस रैली में भाजपा भुवनेश्वर जिला अध्यक्ष बाबूू सिंह, लिंगराज मंडल के अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रधान, भाजपा नेता रामचन्द्र रणसिंह, अमरज्योति जगदेव, अभिषेक आचार्य, सुभासिनी पृष्टि, तृप्तिमयी मकदम, तापस दलेई, शतरुपा मिश्र, रजनीवाला दास, सुमित्रा आचार्य प्रमुख ने हिस्सा लिया।