ओडिशा सरकार के लिए अग्नि परीक्षा है पांच लाख प्रवासी श्रमिकों की वापसी
कोरोना वायरस के चलते अन्य राज्यों में फंसे प्रवासी श्रमिकों की वापसी ओडिशा सरकार के लिये अग्नि परीक्षा माना जा रहा है।
भुवनेश्वर, जेएनएन। पूरे देश में कोरोना वायरस के चलते शासन-प्रशासन से लेकर आम जनजीवन त्रस्त है। हर दिन सामने आ रहे नए मामले आशा एवं उम्मीदों को धूमिल कर रहे हैं। फिलहाल लॉकडाउन के अतिरिक्त देश एवं दुनिया, किसी के पास इस वायरस बचाव का उपाय नही हैं। यही कारण है कि आज एक महीने से अधिक समय हो गया है और पूरा देश लॉकडाउन है। ऐसे समय में देश के विभिन्न राज्यों में फंसे अपने प्रदेश के नागरिकों को वापस लाने का फैसला ओडिशा सरकार के लिए अग्नि परीक्षा माना जा रहा है।
खबर के मुताबिक देश के विभिन्न राज्यों में रहकर अपनी आजीविका चलाने वाले 5 लाख से अधिक लोगों ने अपने घर लौटने के लिए सरकारी पोर्टल में अपने नाम का पंजीकरण करा लिया है। इनकी वापसी भी काफी तेजी से होगी। इन्हें परीक्षण के बाद क्वारंटाइन में रखना और फिर समायोजित करना सरकार के लिए बड़ी चुनौती होगी। लॉकडाउन को लेकर अनिश्चितता का भाव भी प्रवासी श्रमिकों की बड़ी समस्या है।
हालांकि मुख्यमंत्री नवीन ने पटनायक मनरेगा रोजगार गारंटी योजना के तहत पांच लाख प्रवासी श्रमिकों को काम और मजदूरी देने की योजना तैयार करने की जिम्मेदारी 22 सीनियर आईएएस अफसरों को दे दी है। इन अफसरों को पर्यवेक्षक बनाया गया है। इस काम के लिए इन अफसरों की मदद के लिए 12 टीमें गठित की गयी हैं। इनका काम प्रवासी श्रमिकों को दिक्कत न होने देना है। इसके अलावा क्वारंटाइन के लिए अस्थायी मेडिकल कैंप के लिए गाइड लाइन भी जारी कर दी गयी हैं।
आपदाओं से निपटने में नवीन पटनायक की संयुक्त राष्ट्र तक ने सराहना की है। कोविड19 प्रबंधन में भी पूरा देश उनकी प्रशंसा कर रहा है। कोरोना को रोकने में उनकी प्लानिंग दूसरे राज्यों के लिए उदाहरण बन गयी है। अब प्रवासी श्रमिकों की वापसी को नवीन ने ताजा चुनौती के रूप में स्वीकार किया है। मई के महीने में यदि नवीन पटनायक लाखों मजदूरों का कोरोना परीक्षण, उन्हें क्वारंटाइन में 14 दिनों तक रखने और दो हजार रुपया प्रोत्साहन राशि देने में बिना किसी लागलपेट के सफल हो जाते हैं तो निश्चित तौर देश के बेहतरीन लोकप्रिय मुख्यमंत्री होने जा रहे हैं। हालांकि उनकी तैयारी चालू है। प्रवासी श्रमिकों की संख्या भी पांच लाख से ऊपर बतायी जाती है। उन्हें केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। इस चुनौती से नवीन पटनायक किस प्रकार पार पाते हैं, उस पर हर किसी की निगाहें लगी हुई हैं।
LIVE Coronavirus Odisha: ओडिशा में बढ़ने लगी संक्रमितों की संख्या, 119 पॉजिटिव; 80 सक्रिय
E-Sanjeevani: हिमाचल में ई-संजीवनी सुविधा शुरु, घर बैठे ले डॉक्टरी सलाह