वाहन जांच कर रही महिला ट्रैफिक इंस्पेक्टर हुई लहूलुहान, आरोपी फरार
ओडिशा में एक महिला ट्रैफिक पुलिस इंस्पेक्टर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने लहूलुहान कर दिया घटना के समय महिला अधिकार वाहनों की जांच कर रही थी।
भुवनेश्वर, जेएनएन। कर्तव्यरत महिला ट्रैफिक पुलिस इंस्पेक्टर पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर से वार कर लहूलुहान कर दिया है। महिला इंस्पेक्टर का सिर फट गया। उनका नाम विजयिनी मल्ल है। वह चंडीखोल ट्रैफिक थाना में तैनात हैं। जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात करीबन नौ बजे चंडीखोल चौक के समीप मांसमरा चौक पर वह वाहनों की जांच कर रही थी कि अचनाक किसी अनजान व्यक्ति ने उनके सिर पर पत्थर मार दिया, जिससे उनका सिर फट गया।
महिला इंस्पेक्टर को तुरन्त बड़चड़ा मेडिकल में इलाज के लिए भर्ती किया गया। महिला इंस्पेक्टर के सिर पर चोट इतनी गहरी थी कि उन्हें छह टांके लगाये गये। इस संबंध में बड़चड़ा थाना में मामला दर्ज करने के बाद पुलिस उक्त व्यक्ति की तलाश कर रही है। खबर लिखे जाने तक किस व्यक्ति ने और क्यों महिला के सिर पर पत्थर मारा है, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। एक महिला अधिकारी के सिर पर इस तरह से पत्थर मारने की घटना को लोगों ने कड़ी निंदा की है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यहां उल्लेखनीय है कि ट्रैफिक के नए नियम लागू होने के बाद से पुलिस एवं लोगों के बीच टकराव की घटना में काफी इजाफा हुआ है। राजधानी भुवनेश्वर में ही पिछले दिनों पुलिस एवं आम लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। राजमहल चौक कुरुक्षेत्र बन गया था। इसके बाद मजबूर होकर राज्य सरकार को कागजात ठीक कराने के लिए लोगों को मोहलत देनी पड़ी। इसके बाद से ही लोग कतार में लगकर अपने वाहनों के फिटनेस जांच से लेकर कागजात व ड्राइविंग लाइसेंस आदि बनवा रहे हैं। इन सबके बावजूद दशहरा के दिन वाहनों की जांच कर रही महिला ट्राफिक इंस्पेक्टर पर आखिर किसी ने क्यों पत्थर मारा, इसके पीछे क्या वजह है, इन तमाम विषयों पर बड़चड़ा थाना पुलिस जांच कर रही है।
दो महिलाओं के बीच जमकर चले लात घूंसे, खींची चोटी; वीडियो हुआ वायरल
Mumbai Local Train Fire: मुंबई में वाशी स्टेशन पर लगी आग, दहशत में लोग; कई ट्रेनें हुईं लेट