स्मिताराणी मृत्यु मामला: सीबीआइ जांच की मांग में धरने पर बैठे भाजपा विधायक
Smitarani Vishwal Death Case स्मिताराणी विश्वाल मृत्यु मामले में भाजपा विधायक सदन की कार्यवाही का बहिष्कार करते हुए कंधे पर काला गमछा डालकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
भुवनेश्वर, जेएनएन। Smitarani Vishwal Death Case जाजपुर जिला धर्मशाला ब्लाक पंचायत संप्रसारण अधिकारी स्मिताराणी विश्वाल मृत्यु मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने शनिवार को भी अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा है। भाजपा विधायक आज सदन में कांधे पर काला गमछा रखकर विरोध प्रदर्शन करते हुए सदन की कार्यवाही का बहिष्कार किया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मामले की जांच सीबीआइ से कराने की मांग करते आ रहे भाजपा विधायकों ने शनिवार को प्रश्नकाल प्रारंभ होते ही पुन: स्मिताराणी विश्वाल मृत्यु प्रसंग को उठाया। एक तरफ भाजपा विधायक सदन के अन्दर अपनी सीट से खड़े होकर मौन प्रतिवाद कर रहे थे तो दूसरी तरफ सदन की कार्यवाही जारी थी। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष सूर्यनारायण पात्र ने इस बीच भाजपा विधायकों को बार बार उन्हें अपनी सीट पर बैठने को अनुरोध किया। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष के अनुरोध को अस्वीकार करते हुए नाराज भाजपा विधायकों ने कक्ष त्याग किया और विधानसभा परिसर में मौजूद महात्मा गांधी जी की प्रतिमूर्ति के नीचे धरने पर बैठ गए।
भाजपा विधायक काला गमछा धारण कर अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा हुआ है। उनका कहना है कि मामले की जब तक सीबीआइ जांच के आदेश जारी नहीं किया जाता है, हमारा विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। एक कर्मजीवी महिला को न्याय दिलाने में सरकार विफल साबित हुई है। हम इस घटना पर सदन में चर्चा करना चाह रहे हैं, मगर विधानसभा अध्यक्ष हमारी बात नहीं सुन रहे हैं।
ओडिशा विधानसभा इतिहास में शायद यह पहली बार है जब विरोधी दल का नेता क्या कहना चाह रहा है, उसे नहीं सुना जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एवं बीजद दोनों की इसमें मिली भगत है। सीबीआइ जांच के आदेश न आने तक भाजपा अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी। यहां उल्लेखनीय है कि विधानसभा के प्रारंभ से ही भाजपा विधायक मामले की सीबीआइ से जांच कराने की मांग कर रहे हैं।