Odisha Weather Forecast: ओडिशा में कड़ाके की ठंड, एसआरसी की सलाह- जरुरत न हो तो घर से न निकलें बाहर
ओडिशा के ठंड का कहर बढ़ता ही जा रहा है मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों तक ठंड का प्रकोप ऐसे ही जारी रहेगा। ठंड के कारण पशुओं को भी अंदर रखने की सलाह दी गई है। 10 जिलों में येलो वार्निंग जारी की गई है।
भुवनेश्वर जागरण संवाददाता। भुवनेश्वर राज्य के विभिन्न इलाके में ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है। शाम होते-होते ठंड जोर पकड़ने लगती है एवं रात को कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने ऐसे ही हालत आगामी 3-4 दिनों तक जारी रहने की आशंका जताई है। इसे देखते हुए विशेष रिलीफ कमिश्नर (एसआरसी) ने नागरिकों को सलाह दी है कि अत्यावश्यक काम न पड़ने पर घर से न निकलें। रात को दुपहिया वाहन में यात्रा करने से बचें।
एसआरसी ने समस्त जिलाधीशों को पत्र लिखकर शीतलहर के प्रति जागरुक रहने का निर्देश दिया है। बेसहारा और आश्रयहीन गरीब लोगों के रात्रियापन के लिए स्कूलों, कम्युनिटी हाल और अन्य सरकारी भवन मुहैया कराए जाने को कहा गया है। लोगों को हिदायत दी गई है कि अपने पालतु जानवरों को रात के समय घर में रखा जाए। ठंड में उन्हें बाहर न छोड़ा जाए। राज्य के 15 जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। अनुगुल, झारसुगुडा, ढेंकानाल, कलाहांडी, और सुन्दरगड जिलों के लिए अरेंज वार्निंग जारी की गई है जबकि 10 जिलों में येलो वार्निंग जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य के कई जिलों में ठंड का प्रकोप जारी रहेगा। राज्य के बरगढ़, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, अनुगुल और मयूरभंज जिलों के लिए मौसम विभाग ने नारंगी चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है। राज्य के तटीय जिलों में रात का तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री कम रहने की संभावना है। राज्य में ठंड के कारण शाम 7 बजे के बाद सड़कें सूनी हो जाती है। लोग जगह-जगह अलाव जला हाथ तापते नजर आते हैं।
बीते रविवार को ओडिशा के सुंदरगढ़ में तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया था। सोमवार को भी मौसम काफी ठंडा था। हवा इतनी ठंडी थी की चुभन का अहसास करवा रही थी। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार व मंगलवार को भी पारा 7 डिग्री दर्ज किया गया था। राउरकेला महानगर निगम की ओर से किसी तरह के अलाव की व्यवस्था न होने के कारण लोग अपने ही प्रयास से अलाव जलाकर ठंडी रात गुजारने को मजबूर हैं। सड़कों पर रात काटने वालों के लिए तो स्थिति और भी भयंकर है।