स्वास्थ्य सेवा में ओडिशा का शानदार प्रदर्शन
खेती-किसानी के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के बाद ओडिशा अब स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अच्छा परिणाम दिखा रहा है।
संसू, भुवनेश्वर : खेती-किसानी के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के बाद ओडिशा अब स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में भी अच्छा परिणाम दिखा रहा है। आíथक सर्वे रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में ओपीडी स्वास्थ्य सेवा का प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2009-10 में जहां अस्पताल आने वाले ओपीडी मरीजों में से 60.62 प्रतिशत का इलाज होता था वहीं, यह संख्या वर्ष 2014-15 में 71 प्रतिशत हो गई है। राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में उठाए गए क्रांतिकारी कदमों की बदौलत स्वास्थ्य सेवा में, खासकर सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवा में बड़ा सुधार देखा गया है। भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय ने इसके लिए राज्य को सम्मानित भी किया है। ओडिशा को वर्ष 2016-17 एवं 2017-18 में ओपीडी क्षेत्र में सुधार के लिए द्वितीय पुरस्कार हासिल हुआ है। राज्य सरकार ने सरकारी अस्पतालों में विभिन्न जरूरी इलाज मुहैया कराने के साथ निरामय योजना में मुफ्त दवाओं के वितरण की व्यवस्था की है। इसके अलावा राज्य सरकार ने अपने साधन से बीजू स्वास्थ्य योजना नाम से अलग योजना भी चलाई हुई है।