सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट का लोगों ने किया विरोध
नगर के निलाद्री विहार ईलाके में स्थापित होने वाले सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट का स्थानीय लोगों ने विरोध किया है।
संसू, भुवनेश्वर: नगर के निलाद्री विहार ईलाके में स्थापित होने वाले सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट का स्थानीय लोगों ने विरोध किया है। निलाद्री बिहार के सेक्टर-1 में प्लाट नंबर 321 में भुवनेश्वर महानगर निगम (बीएमसी) की ओर से सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए 32 लाख रुपये की मंजूरी भी हो चुकी है। मगर यहां पर प्लांट निर्माण को लेकर जीए आवासीय संघ, प्राइवेट प्लॉट ओनर्स एसोसिएशन सहित कई सामाजिक संगठनों ने विरोध किया है। इनका आरोप है कि जहां यह प्रस्तावित सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जा रहा हैं वहां 20 से 50 मीटर की दूरी पर सार्वजनिक स्थल, अस्पताल, विद्यालय के साथ आवासीय कॉलोनियां बनी हैं। इस प्लांट से निकलने वाली दुर्गध में रहना लोगों के लिए दिक्कतें पैदा करने वाला है। लोगों की सुविधा के लिए बनाए जाने वाले सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट से अगर स्थानीय लोगों के दिक्कतें पेश आने वाली हैं तो इसे अन्यत्र स्थापित किया जाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि बीएमसी ने राजधानी के विभिन्न वार्ड में कचरा प्रबंधन के लिए सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट लगाने का निर्णय लिया है। इसके लिए विभिन्न वार्ड में कार्य आरंभ भी हो चुका है।