मयूरभंज में गर्भस्थ शिशुओं समेत महिला की मौत, बवाल
इलाज में लापरवाही के चलते गर्भस्थ जुड़वा बच्चों के साथ एक महिला की मौत हो गई।
जासं, भुवनेश्वर : इलाज में लापरवाही के चलते गर्भस्थ जुड़वा बच्चों के साथ एक महिला की मौत हो गई। मृतका 24 घंटे बाद भी पोस्टमार्टम नहीं होने से उत्तेजित लोगों ने शव के साथ जिलाधीश कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया। घटना मयूरभंज जिला के गोपबंधु नगर ब्लॉक क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, खुंटा थाना क्षेत्र के घंटाशिला गांव के दासरथी मुर्मू की पत्नी बांगी मुर्मू गर्भवती थी। प्रसव पीड़ा होने के बाद उसे पीआरएम मेडिकल एवं अस्पताल में भर्ती किया गया। आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण उसके दोनों जुड़वा बेटे एवं महिला की मौत हो गई। इसे लेकर मेडिकल परिसर में उत्तेजना का माहौल बन गया। परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए डॉक्टरों के चक्कर काटते रहीं लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई और 24 घंटे बीत गए। कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे शव का पोस्टमार्टम हुआ। डॉक्टरों की मनमानी और लापरवाही से नाराज परिजन पार्थिव शरीर को कंधे पर लादकर सीधे जिलाधीश कार्यालय पहुंचे और वहां पर धरना शुरू कर दिया। परिवार के लोगों ने संबंधित डॉक्टर को निलंबित करने तथा न्याय की मांग की।