डॉक्टर आत्महत्या मामले से पुलिस ने हटाया पर्दा
भुवनेश्वर चंद्रशेखरपुर थाना अंतर्गत श्रीबिहार में रहने वाली महिला
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : भुवनेश्वर चंद्रशेखरपुर थाना अंतर्गत श्रीबिहार में रहने वाली महिला डॉक्टर मनस्विनी बारिक की मृत्यु को लेकर हो रही तमाम चर्चाओं पर कमिश्नरेट पुलिस ने विराम लगा दिया है। पुलिस ने मौत के रहस्य से पर्दा उठाते हुए कहा कि मनस्विनी का उसके एक दोस्त के साथ झगड़ा हुआ था, जिसके कारण उसने आत्महत्या की। थाना अधिकारी दीपक मिश्र ने कहा कि मनस्विनी जिस अस्पताल में काम करती थी उस अस्पताल में जाकर पूछताछ करने पर पता चला है कि मनस्विनी एक डॉक्टर से प्रेम करती थी। मनस्विानी सभी से मिलजुल कर रहती थी व सबसे प्यार से बात करती थी, लेकिन यह बात उसके प्रेमी डॉक्टर को पसंद नहीं था जिस कारण दोनों में मतभेद चल रहा था। मनस्विनी पिछले कुछ दिनों से दबाव में थी। हालांकि इस संबंध में वह अपने परिवार वालों को नहीं बताई थी। मनस्विनी बरगड़ जिले के मेलछामुंडा इलाके की रहने वाली थी। वह यहां अपने भाई के साथ रहती थी। जिस दिन उसने आत्महत्या की उस दिन उसका भाई किसी काम से गांव गया हुआ था। इससे मनस्विनी उस दिन अकेली थी। गुरुवार देर रात को मनस्विनी अंतिम बार अपने प्रेमी साथी डॉक्टर के साथ फोन पर बात की थी। इस समय दोनों के बीच फोन पर ही झगड़ा हुआ था। इसके बाद गुस्से में आकर मनस्विनी ने आत्महत्या कर ली। उसने खुद जहर के दो इंजेक्शन अपने शरीर में लगाए थे। जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि उसके परिवार वाले जो हत्या का आरोप लगा रहे हैं, वह पूरी तरह से गलत है। इस संबंध में कोई प्रमाण नहीं मिलने की बात थाना अधिकारी मिश्र ने कही है। सूचना के मुताबिक मनस्विनी की पहली शादी किसी कारणवश टूट गई थी। वह भुवनेश्वर आकर चंद्रशेखरपुर थाना अंतर्गत एक निजी अस्पताल में काम करने लगी और अपने भाई के साथ श्रीबिहार इलाके में रह रही थी।