माओवादियों के खिलाफ पुलिस को मिली बड़ी सफलता, मुख्य सचिव ने दी शाबाशी
चार हार्डकोर माओवदियों को ढेर करने के बाद मुख्य सचिव असीत त्रिपाठी ने ट्वीट कर पुलिस जवानों को शाबाशी दी है।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। माओवादी दमन के क्षेत्र में दो साल बाद कंधमाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऐसे में माओ दमन मुहिम में शामिल रहने जवानों को मुख्य सचिव असीत त्रिपाठी ने ट्वीट कर शाबाशी दी है। वहीं एसपी प्रतीक सिंह को पुलिस डीजी अभय ने इस सफल आपरेशन के लिए सराहा है। यहां उल्लेखनीय है कि रविवार को पुलिस-माओ भिड़ंत में चार हार्डकोर माओवदियों को पुलिस ने ढेर कर दिया था, पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में असलहा एवं माओ सामग्री बरामद की थी। हालांकि कुछ माओवादी घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
गौरतलब है कि 2018 में प्रतीक सिंह ने कंधमाल के एसपी का दायित्व संभालने के बाद से 13 मई को पुलिस बड़ी सफलता मिली थी। सुडुकुम्पा जंगल में माओवादियों ने बड़े पैमाने पर हिंसाकांड को अंजाम देने के लिए योजना बनायी थी मगर उनकी योजना धरी की धरी रह गई। पुलिस गोलीबारी में एक ही साथ 5 माओवादी उस समय ढेर कर दिए गए थे। इसके बाद बालीगुड़ा क्षेत्र में एक महिला माओवादी भी पुलिस की गोली का शिकार हुई थी। इसी के बाद से माओवादी बदला लेने के लिए कई बार योजना बना चुके हैं मगर वे अपनी योजना में सफल नहीं हो पा रहे हैं।