बाइस को सुबह नौ बजे ओडिशा पहुंचेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 सितंबर को ओडिशा आएंगे। पीएम मोदी अपन
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 सितंबर को ओडिशा आएंगे। पीएम मोदी अपने एक दिवसीय दौरे में दो सरकारी कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे और दो जनसभाएं भी करेंगे। इसका आधिकारिक कार्यक्रम जारी होने के बाद राज्य में सियासी चर्चा जोर पकड़ने लगी है कि बीजू जनता दल के एहसान यदि उनके जेहन में होंगे तो क्या मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को मंच से ललकारेंगे या नहीं। इसका कारण है कि जब मोदी पीएम बनने के बाद पहली सभा में राउरकेला आए थे तो नवीन के प्रति उनका टोन बहुत दोस्ताना था। बाद में तल्ख भी हुआ। विगत 26 मई को कटक में जनसभा में केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाने के दौरान उन्होंने महानदी जैसे मुद्दों पर नवीन की घेराबंदी की कोशिश की थी। इसके बाद दोनों दलों के रिश्तों में जो मिठास आयी है, उसको देखते हुए यह कहना कठिन है कि मोदी ओडिशा सरकार पर बहुत ज्यादा आक्रामक रुख रखेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने ओडिशा दौरे में दो सभाएं, पहली पश्चिम ओडिशा के झारसुगुड़ा में तो दूसरी मध्य ओडिशा के अनुगुल के तालचेर में करेंगे, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान यहीं के रहने वाले हैं।
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 24 सितंबर को ओडिशा आने वाले हैं। चुनाव नजदीक आने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ओडिशा पर फोकस बढ़ा है। पूर्वी भारत में भाजपा की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए ओडिशा को गेटवे बनाना ही पड़ेगा। बीते साल पार्टी की भुवनेश्वर में हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में अध्यक्ष अमित शाह ने कहा था कि पूर्व में फतह करने के लिए भाजपा ने भुवनेश्वर को गेटवे बनाया है। शायद यही वजह है कि मोदी और अमित शाह के फोकस में ओडिशा है। प्रधानमंत्री मोदी 22 सितंबर को 9 बजे ओडिशा पहुंचेंगे। पहले वह तालचेर जाएंगे जहां पर तालचेर फर्टिलाइजर प्लांट का शिलान्यास करेंगे और बक्सी जगबंधु स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करेंगे। यह क्षेत्र मध्य ओडिशा का माना जाता है। यहां से पीएम मोदी पश्चिम ओडिशा स्थित झारसुगुड़ा पहुंचेंगे और एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे। इसका नामकरण वीर सुरेंद्र साय के नाम पर होगा। यह घोषणा भी मोदी करेंगे।
इसके अलावा मोदी एनटीपीसी और एमसीएल की माइंस व रेलवे ट्रैक का भी उद्घाटन करेंगे। वह उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक) की शुरुआत भी करेंगे। एयरपोर्ट से करीब 4 किलोमीटर दूर आमलीपाली के फुटबॉल ग्राउंड में एक और सभा करेंगे। इस मैदान पर भाजपा ने पांच संसदीय और 37 विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को बुलाया है। हालांकि आस पास के अन्य जिले के लोगों के भी आने की खबर है।