रुतबा दिखाकर प्रजातंत्र का गला घोंटने का प्रयास कर रहे हैं नवीन बाबू : प्रधान
नवीन पटनायक धमकी, गाली एवं रुतबा दिखाकर प्रजातंत्र का गला घोंटने का प्रयास कर रहे हैं। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोला है।
भुवनेश्वर, जेएनएन। नवीन पटनायक असहिष्णु हो गए हैं, आलोचकों को जबरन अपना समर्थक बनाने का प्रयास कर रहे हैं। धमकी, गाली एवं रुतबा दिखाकर नवीन बाबू प्रजातंत्र का गला घोंटने का प्रयास कर रहे हैं। ओटीवी की निदेशक जगी मंगत पंडा को विधानसभा स्वाधिकार कमेटी के सामने हाजिर होने के प्रसंग पर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोला है।
मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए प्रधान ने कहा है कि नवंबर में योजना के तहत कांग्रेस को साथ मिलाकर यह स्वाधिकार भंग नोटिस लाई गई थी। मुख्य रूप से मीडिया को नोटिस करने के लिए रिपोर्टर या फिर एडिटर को बुलाया जाता है। प्रमोटर को बुलाने का अभी तक कोई उदाहरण हमने नहीं देखा है। जगी मंगत पंडा ओडिशा की बहू एवं उद्योगपति हैं, यह षड्यंत्र के तहत ओडिशावासियों का अपमान है। यह केवल एक तक सीमित नहीं रहने वाला है अन्य मीडिया जो उनकी समालोचना करेगा उन्हें भी इसी तरह के परिणाम का सामना करना पड़ सकता है। प्रधान ने कहा कि इस तरह की स्थिति 1974-75 में कांग्रेस के समय देखी गई थी। उस समय इमरजेंसी जैसे हालात थे।
नवीन बाबू ओडिशा में इमरजेंसी लाना चाहते हैं। उनके लोग राज्य की बहू बेटियों को अपमानित करने में लग गए हैं। यह केवल जगी मंगत पंडा का अपमान नहीं है बल्कि ओडिशा की बहू बेटियों एवं उद्योगपतियों तथा निर्भीक पत्रकारों का भी अपमान है जिसकी मैं कड़ी ¨नदा करता हूं। प्रधान ने कहा कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को घेर कर रहने वाले गैर ओड़िया अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री को प्रभु जगन्नाथ सुबुद्धि दें। उल्लेखनीय है कि विगत 19 नवंबर को विधानसभा संचालन संबंधित खबर प्रसारण को लेकर विरोधी दल के मुख्य सचेतक तारा प्रसाद वाहिनीपति ने ओटीवी के खिलाफ स्वाधिकार भंग नोटिस लाया था। हालांकि उन्होंने इस नोटिस को वापस भी ले लिया था।