कोरोना योद्धाओं के सम्मान में ओडिशा सरकार की बड़ी घोषणा, मौन प्रार्थना के लिए सीएम पटनायक का अनुरोध
ओडिशा में बुधवार शाम 6 बजे कोरोना योद्धाओं के सम्मान में लोग मौन प्रार्थना करेंगे और शपथ लेंगे और यह शपथ पाठ खुद मुख्यमंत्री नवीन पटनायक कराएंगे।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। कोरोना योद्धाओं के मानव के प्रति सर्वोच्च त्याग को पुनः याद करने एवं उन्हें सम्मान देने के लिए ओडिशा सरकार ने पुनः एक बड़ी घोषणा की है। आज शाम 6 बजे 1 मिनट के लिए ओडिशा के लोग जहां भी होंगे वहीं खड़े होकर मौन प्रार्थना करने के लिए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने अनुरोध किया है। इस प्रार्थना सभा के बाद कोरोना योद्धाओं के सम्मान के लिए लोग शपथ लेंगे और यह शपथ पाठ खुद मुख्यमंत्री नवीन पटनायक कराएंगे।
मानव जाति के इतिहास में सबसे कठिन परिस्थिति
नवीन पटनायक ने कहा है कि इस युद्ध में मेरे परिवार एवं मेरी सुरक्षा के लिए कोविड नियम का अनुपालन करने के लिए यह शपथ पाठ दायित्व एवं प्रेरणा का काम करेगा। इसके साथ ही कोरोना योद्धाओं को सहयोग करने, उनके कार्य को समर्थन करने तथा उनके त्याग को सम्मान देने के लिए यह श्रेष्ठ मार्ग होगा। मुख्यमंत्री ने कहा है कि मानव जाति के इतिहास में यह सबसे कठिन परिस्थिति है। कोरोना महामारी आज पूरी मानव जाति के लिए एक अभूतपूर्व आह्वान कर रही है और प्रत्येक देश गंभीर परिस्थिति से गुजर रहा है, भारत भी इस भयावह परिस्थिति का शिकार है। भारत में प्रत्येक दिन 50000 से अधिक लोग संक्रमित हो रहे हैं।
कोरोना युद्ध में ओडिशा के संग्राम की महत्वपूर्ण घटना
पिछले 5 महीने से इस महामारी से हमारा प्रदेश ने भी संग्राम जारी रखा हुआ है। ओडिशा में कोरोना से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 25000 को आज पार कर जाएगी, यह कोरोना युद्ध में ओडिशा के संग्राम की महत्वपूर्ण घटना है। सभी के सहयोग से ओडिशा अन्य राज्यों की तुलना में अधिक जीवन बचाने में सफल हुआ है। राज्य में मृत्यु दर 0.57% है जो कि देश में सबसे कम है। यह सब हजारों कोविड योद्धाओं के प्रतिबद्धता निष्ठा एवं उनकी सेवा के कारण संभव हुआ है। ऐसे में हम सब उनके सम्मान में 1 मिनट के लिए आज मौन प्रार्थना करेंगे।