Covid-19 Vaccination: ओडिशा में पहले चरण में एक लाख 92 हजार लोगों को लगेगा टीका
Covid-19 Vaccination भुवनेश्वर में एक केंद्र में दैनिक 100 लोगों को टीका दिया जाएगा। भुवनेश्वर में पहले चरण में टीकाकरण के लिए कुल 26 हजार स्वास्थ्य कर्मचारियों का पंजीकरण किया गया है। टीकाकरण अभियान सुबह 9 बजे से शुरू होगा और शाम 5 बजे तक चलेगा।
भुवनेश्वर, जासं। Covid-19 Vaccination: ओडिशा में शनिवार से कोरोना टीकाकरण अभियान शुरू हो जाएगा। राज्य में 3 लाख 38 हजार स्वास्थ्य कर्मचारियों ने टीका लेने के लिए अपने नाम का पंजीकरण किया है। इनमें से पहली दफा में 1 लाख 92 हजार लोगों को टीका दिया जाएगा। इसमें से सबसे पहले एक सफाई कर्मचारी को टीका दिए जाने की बात चली है, हालांकि इस सफाई कर्मचारी का परिचय नहीं मिल पाया है। टीका के लिए सभी जिला व कोल्ड चेन प्वाइंट में टीका पहुंच गया है। वहीं, भुवनेश्वर में केवल कोवैक्सीन टीका ही दिया जाएगा।भुवनेश्वर में पहले से ही टीकाकरण के लिए 5 केंद्र बनाए गया था। अब इसमें एम्स अस्पताल को भी शामिल कर लिए जाने से यह संख्या 6 हो गई है।
भुवनेश्वर में एक केंद्र में दैनिक 100 लोगों को टीका दिया जाएगा। भुवनेश्वर में पहले चरण में टीकाकरण के लिए कुल 26 हजार स्वास्थ्य कर्मचारियों का पंजीकरण किया गया है। टीकाकरण अभियान सुबह 9 बजे से शुरू होगा और शाम 5 बजे तक चलेगा। वैक्सीन की शीशी खोले जाने के 4 घंटे के अंदर उसका प्रयोग करने की सलाह दी गई है। बीएमसी को पहले चरण में जितनी वैक्सीन मिली है, उसमें से भुवनेश्वर में कुल 9 हजार लोगों को टीका दिए जाने की बात बीएमसी कमिश्नर ने कही है। 28 दिन के बाद उन्हें दूसरे चरण का डोज दिया जाएगा। टीकाकरण से पहले बीएमसी कमिश्नर ने आज बीएमसी अस्पताल एवं कैपिटल अस्पताल में जाकर मुआयना किए हैं।
18 साल से कम व गर्भवती महिला को नहीं लगेगा टीका
प्रदेश में शनिवार से शुरू हो रहे टीकाकरण के लिए राज्य स्वास्थ्य विभाग ने एक दिशा निर्देश जारी किया है। इस दिशा निर्देश के बारे में राज्य स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डा. विजय पाणीग्राही ने जानकारी दी है। स्वास्थ्य विभाग के निदेशक द्वारा जारी दिशा निर्देश के मुताबिक 18 साल से कम, गर्भवती महिला को कोरोना टीका नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही कोविड संक्रमित एवं अस्वस्थ व्यक्ति को भी टीका नहीं दिया जाएगा। टीकाकरण के लिए सभी प्रकार की तैयारी पूरी हो गी है। राज्य के 161 केन्द्र में टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। यह टीका सभी के हाथ में लगाया जाएगा। टीका लेने के बाद आधे घंटे तक संपृक्त व्यक्ति को आब्जर्वेशन में रखे जाने की बात स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डा. विजय पाणीग्राही ने कही है।
गौरतलब है कि 16 जनवरी से शुरू हो रहे मेगा टीकाकरण के लिए सभी प्रकार की तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रत्येक टीकादान केन्द्र में 100 स्वास्त्य कर्मचारी टीका लेंगे। इसके लिए राज्य में कोविसिल्ड की 4 लाख 8 हजार डोज आयी है। एक शीशी से 10 डोज दिया जा सकेगा। उसी तरह से आक्सफोर्ड का कोविसिल्ड टीका का 40 हजार 800 डोज ओड़िशा में आया है। कोवैक्सीन का 20 हजार डोज आया है। कटक, पुरी, नयागड़ के साथ वैक्सीन अन्य सभी जिलों में भेज दी गई है। पहले चरण में राजधानी भुवनेश्वर में भारत बायोटेक का कोवैक्सीन टीका दिया जाएगा जबकि अन्य सभी 30 जिलों में सीरम इंस्टीट्यूट द्वारा तैयार कोविसिल्ड टीका दिया जाएगा। सबसे अधिक टीका कटक जिला में दिया जाना है और इसके बाद गंजाम जिला है।