Weather Update: शुरुआत में ही पारा 40 के पार, अप्रैल-मई में भयंकर होंगे आसार; मौसम विभाग का अलर्ट
Odisha Weather Update गर्मी की शुरुआत में ही पारा तापमान कुछ शहरों में 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच जाने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो चुका है। ओडिशा ही नहीं बल्कि इसके पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ एवं आंध्र प्रदेश में भी देखा जा रहा है।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। ओडिशा में अभी से पड़ रही भीषण गर्मी के कारण आम जनजीवन प्रभावित होने लगा है। दोपहर के समय गर्म हवाएं शुरू हो गई हैं। तेज धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। गर्मी की अभी तो शुरुआत भर है। अप्रैल मई का महीना तो अभी बाकी है। 1 मार्च को ही तापमान कुछ शहरों में 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
ओडिशा में फरवरी महीने के अंतिम सप्ताह से शुरू हुआ सूर्यदेव का प्रकोप दिन प्रतिदिन लगातार बढ़ता ही जा रहा है। मौसम विभाग की माने तो इस साल सूर्य देव का कोप केवल ओडिशा ही नहीं बल्कि इसके पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ एवं आंध्र प्रदेश में भी देखा जा रहा है। गोवा एवं गुजरात में भी इस साल अधिक गर्मी पड़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर एवं उत्तर पश्चिम भारत में इस साल भारी गर्मी पड़ेगी।
ओडिशा बन सकता है सबसे गर्म राज्य
यहां लोगों की चिंता इस बात को लेकर बढ़ गई है कि जब अभी से इस तरह की गर्मी पड़नी शुरू हो गई है तो फिर मार्च से मई महीने तक क्या हालत होने वाली है। इस साल इन राज्यों के साथ ओडिशा सर्वाधिक गर्म राज्य बन सकता है। भारतीय मौसम विभाग की तरफ से इस संदर्भ में अनुमान लगाया गया है। बंगाल की खाड़ी की जलवायु को आधार कर बनने वाले ला-निनो के कारण इस तरह से गर्मी पड़ रही है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, कोंकण गोवा, गुजरात आदि राज्य पर मार्च से मई महीने तक सूर्यदेव का प्रकोप अधिक होने का पूर्वानुमान किया गया है। फरवरी महीने के अंतिम सप्ताह एवं मार्च के प्रारंभ से जलवायु की परिस्थिति को देखकर इस तरह का अनुमान लगाया गया है।
तापमान और बढ़ने की संभावना