ओडिशा विस सत्र के लिए विधायकों का कोविड टेस्ट आज से
ओडिशा विधानसभा के मानसून अधिवेशन से पहले शुक्रवार को सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : ओडिशा विधानसभा के मानसून अधिवेशन से पहले शुक्रवार को सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सदन की कार्यवाही किस प्रकार से होगी, इस पर चर्चा की गई। आगामी 29 सितंबर को 11 बजे अधिवेशन शुरू होगा। पहले दिन के पहले चरण में शोक प्रस्ताव पारित होने के बाद सदन की कार्यवाही को मुलतवी घोषित कर दिया जाएगा। अपराह्न तीन बजे से पुन: सदन की कार्यवाही शुरू होगी और 5 बजे खत्म होगी। अन्य दिन गृह का कार्य सुबह 10:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 1 बजे एवं पुन: अपराह्न तीन बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा।
कोरोना को देखते हुए शनिवार की सुबह 8 बजे से विधायकों का कोविड परीक्षण करने की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी विधानसभा अध्यक्ष सूर्य नारायण पात्र ने दी है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि रविवार को भी सदन की कार्यवाही चलेगी। 145 विधायकों के बैठने की लिए व्यवस्था की गई है। निचली मंजिल, विधानसभा अध्यक्ष गैलरी, दर्शक गैलरी में विधायक बैठेंगे। विधायक अपनी सीट पर बैठकर ही सवाल पूछेंगे। मंत्री भी बैठकर ही सवालों के जवाब देंगे। प्रश्नकाल के समय किस विषय पर चर्चा होगी, इसे लेकर गृह में चर्चा की जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष सूर्य नारायण पात्र ने कहा कि विधानसभा में सभी विधायकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। जो वरिष्ठ विधायक विधानसभा नहीं आ पाएंगे, वे लिखित रूप में जिलाधीश को देने पर जिलाधीश के वीडियो कांफ्रेंस हाल उनके लिए व्यवस्था की जाएगी।