पहली बार राजभवन से बाहर मंत्रीमंडल के साथ 29 मई को नवीन पटनायक लेंगे सीएम पद की शपथ
नवीन पटनायक पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ राजभवन से बाहर तीन नंबर प्रदर्शनी मैदान में लेंगे। प्रदर्शनी मैंदान में इसकी तैयारी जोर शोर से चल रही है।
भुवनेश्वर, जेएनएन। राज्य में विधानसभा में 112 सीट जीतने वाली बीजू जनता दल की तरफ से लगातार पांचवीं बार सरकार बनाने तैयारी शुरू हो गई है। मिली जानकारी के मुताबिक पहली बार नवीन पटनायक राजभवन से बाहर तीन नंबर प्रदर्शनी मैदान में 29 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह जानकारी बीजू जनता दल के महासचिव विजय नायक ने दैनिक जागरण के साथ बात करते हुए दी है।
प्रदर्शनी मैंदान में इसे लेकर तैयारी जोरदार ढंग से चल रही है। तूफान के बाद से बदहाल अवस्था में पड़े प्रदर्शनी मैदान को साफ किया जा रहा है। इससे पहले रविवार को बीजू जनता दल के चुने गए विधायकों की बैठक होगी, जिसमें विधायक दल के नेता के रूप में नवीन पटनायक को चुना जाएगा। बीजद के प्रवक्ता संबित पात्रा ने यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि इसी दिन सभी विधायक नवीन निवास जाकर नवीन पटनायक से मुलाकात करेंगे। अपराह्न में पार्टी कार्यालय में नव निर्वाचित विधायकों की बैठक होगी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक विधायक दल की बैठक के बाद बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक राजभवन जाएंगे और सरकार बनाने के लिए दावा पेश करेंगे।
वहीं दूसरी तरफ नवीन की नई टीम को लेकर भी कसरत शुरू हो गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नवीन की नई टीम में इस बार 50 प्रतिशत नए चेहरों को शामिल किया जाएगा। खासकर महिलाओं को भी मंत्रीमंडल में विशेष स्थान मिलने का अनुमान है। हालांकि नवीन के मंत्री मंत्री मंडल में किसे स्थान मिलेगा यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
एक-एक कर चुने हुए विधायक नवीन निवास जाकर अपना चेहरा दिखा रहे हैं। मिली सूचना के मुताबिक 21 मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष तथा सरकारी मुख्य सचेतक, उपमुख्य सचेतक, योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष को मिलाकर कुल 26 लोगों को सरकार में पद दिए जाने की योजना है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप