कटक में जन्मे थे नवीन पटनायक, दून विद्यालय से ली शिक्षा
लगातार पांचवीं बार ओडिशा के मुख्यमंत्री चुने गये नवीन पटनायक का जन्म कटक में हुआ और उनकी शिक्षा दून विद्यालय में हुई।
भुवनेश्वर, जेएनएन। ओडिशा में लगातार पांचवीं बार मुख्यमंत्री चुने गये नवीन पटनायक का जन्म ओडिशा के कटक नगर में 16 अक्टूबर 1946 को हुआ। उनके पिता ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक तथा मां ज्ञान पटनायक थे। उनकी शिक्षा दून विद्यालय में हुई और बाद में उन्होंने किरोड़ीमल महाविद्यालय, दिल्ली से कला में स्नातक की शिक्षा पूर्ण की।
नवीन पटनायक एक लेखक भी हैं और उन्होंने अपना युवाकाल लगभग राजनीति और ओडिशा से दूर ही व्यतीत किया। वर्ष 1997 में नवीन पटनायक ने उनके पिता का निधन होने के बाद राजनीति में कदम रखा और एक वर्ष बाद ही अपने पिता बीजू पटनायक के नाम पर बीजू जनता दल की स्थापना की। बीजू जनता दल ने उसके बाद विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की और भाजपा के साथ सरकार बनाई जिसमें वे स्वयं मुख्यमंत्री बने। उन्होंने भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई और गरीब समर्थक नीतिया अपने ही ढ़ंग से आरम्भ किया। उन्होंने नौकरशाही का ठीक से प्रबंधन कर राज्य के विकास के अपने पिता के सपने को अपने विकास का आधार बनाया। नवीन पटनायक का नाम ओडिशा के इतिहास में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री बनने का कीर्तिमान है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप