नवीन ने गरीब व आनाथ बच्चों संग मनाई दीपावली
ओडिशा में लगातार पांचवीं बार सत्ता की कमान संभाल रहे मुख्यमंत्री नवी
शेषनाथ राय, भुवनेश्वर : ओडिशा में लगातार पांचवीं बार सत्ता की कमान संभाल रहे मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने एक मिसाल पेश करते हुए इस बार दीपावली के दिन पूरे प्रदेश में गरीब एवं अनाथ बच्चों के चेहरे पर खुशी बिखेरने के लिए अपने सभी मंत्री विधायक तथा पूरे सरकारी तंत्र को लगा दिया। मुख्यमंत्री ने आनंद एवं उल्लास का यह महापर्व खुद अनाथ आश्रम के बच्चों के साथ मनाया। साथ ही अपने मंत्री, विधायक, सांसद, कार्यकर्ता एवं सरकारी अधिकारियों को भी अनाथ आश्रम, गरीब बच्चों, सेना के जवान के परिवार के साथ दीपावली की खुशियां बांटने के लिए प्रेरित किया। जिन्होंने इस काम को बखूबी अंजाम दिया।
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक रविवार शाम खुद भुवनेश्वर एसओएस विलेज पहुंचे और बच्चों के साथ दीपावली मनायी। इस एसओएस विलेज में बड़ी संख्या में अनाथ बच्चे रहते हैं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को उपहार भी भेंट किया। इससे पहले मुख्यमंत्री के एसओएस विलेज पहुंचते ही बच्चों गीत गाकर उनका स्वागत किया और बारी बारी से सभी ने मुख्यमंत्री को अपना परिचय दिया।
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के इस आह्वान एवं निर्देश का असर पूरे प्रदेश में देखने को मिला। प्रदेश के दो वरिष्ठ आइएएस अधिकारी राज्य के मुख्य सचिव असीत त्रिपाठी भुवनेश्वर में मौजूद चेतना गृह पहुंचे और बच्चों में मिठाई बांटी। वहीं, फाइव टी के सचिव वीके पांडियन कलिग स्टेडियम में मौजूद स्पोर्ट्स हास्टल के बच्चों के साथ दीपावली मनायी। साथ ही सभी बच्चों को मिल रही सुविधा और असुविधा के बारे में भी उसन चर्चा की। मलकानगिरी के जिलाधीश मनीष अग्रवाल ने इस मौके पर जिले के सप्तधारा हास्टल पहुंचे और छात्र-छात्राओं के साथ भोजन किया। इसी तरह जाजपुर के जिलाधीश रंजन कुमार दास ने उत्कल बालाश्रम में अनाथ बच्चों के साथ दीपावली मनायी। उन्होंने अपने हाथों मिठाई व उपहार बांटने के साथ उन्हें पटाखे दिए और उनके साथ फूलझड़ी जलाई। इसी तरह से राज्य के तमाम अन्य जिलों में भी जिलाधीश व वरिष्ठ पुलिस अधिकारी विभिन्न अनाथ आश्रमों में पहुंचे और बच्चों के बीच मिठाई वितरण करने के साथ उनके साथ भोजन किया। उनके बीच रहकर दीपोत्सव मनाया।