Odisha: ओडिशा के गंजाम में बीजद नेता की गोली मारकर हत्या
Odisha बीजद नेता देवराज साहू की दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना ओडिशा के गंजाम की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। Odisha: ओडिशा में गंजाम जिले के बेगुनियापड़ा के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष व बीजद नेता देवराज साहू (52) की दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। आरोपितों ने बीजू जनता दल के नेता देवराज के सिर व सीने में सात गोली मारीं, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। यह हत्याकांड राजनीतिक रंजिश के कारण हुआ है या फिर व्यक्तिगत दुश्मनी के चलते। फिलहाल, पूरी तरह से यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामला दर्ज कर घटना की छानबीन कर रही है। बुधवार को जिले के कोदला थाना अंतर्गत सुमण्डुल बाजार में मौजूद एक चाय की दुकान पर देवराज चाय पी रहे थे। इसी समय एक कार से पांच आरोपित यहां आए और देवराज की हत्या कर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही गंजाम एसपी ब्रिजेश राय दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन करने के साथ ही चार थाना अधिकारी व दो एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर दिया है। उन्होंने कहा कि आरोपितों को जल्द से जल्द दबोच लिया जाएगा। देवराज साहू की हत्या आखिरी किस कारण से की गई है, वह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। बेगुनियापड़ा ब्लाक अंतर्गत सुमण्डुल पंचायत क्षेत्र के मोहनपुर गांव में देवराज का घर है। कोदला विधानसभा चुनाव क्षेत्र से रामकृष्ण पटनायक जब विधायक थे, तब देवराज बेगुनियापड़ा ब्लाक के अध्यक्ष थे। 2002 से 2006 तक वह ब्लाक अध्यक्ष रहे व वर्तमान समय में वह बीजद के एक वरिष्ठ सदस्य के तौर पर राजनीति में सक्रिय थे। उनके भाई की पत्नी संतोषिनी साहू वर्तमान समय सुमण्डुल पंचायत की सरपंच हैं।
हर दिन की तरह देवराज सुमण्डुल चौराहे पर मौजूद चाय की दुकान में बैठकर कुछ लोगों से बात कर रहे थे। इसी समय एक कार से पांच लोग आए कार से पहले दो लोग नीचे उतरे और देवराज को गाली देने लगे। इसके बाद और दो लोग कार से नीचे उतरे और देवराज पर अंधाधुंध फायर झोंक दिया। आरोपितों ने 10 राउंड से अधिक गोली चलाई थी। सात राउंड गोली देवराज के शरीर में लगी है। घटना के बाद बाजार में सन्नाटा छा गया। सूचन मिलते ही कोदला थाना अधिकारी देवाशीष महांति व बेगुनियापड़ा पुलिस चौकी के प्रभारी दिप्ति रंजन बेहेरा मौके पर पहुंचे। इसके बाद गंजाम के अतिरिक्त एसपी ठाकुर प्रसाद पात्र, पुरुषोत्तमपुर एसडीपीओ सीमा स्वांई, आसपास थाना के थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। खुद गंजाम एसपी ब्रिजेश राय भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का मुआयना करने के साथ परिवार के लोगों से बात करते हुए आरोपियों को जल्द दबोच लेने का आश्वासन दिए।
कविसूर्य नगर की विधायिका लतिका प्रधान, जिला परिषद सदस्य मनोज कुमार पांडी, बीजद के ब्लाक अध्यक्ष विजय कुमार दोरा, त्रिनाथ भुयां के साथ बीजद के कई नेता व कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। विधायका ने कहा कि पूर्व ब्लाक अध्यक्ष देवराज बीजद के सक्रिय सदस्य थे। इस घटना से जुड़े लोगों को तुरंत गिरफ्तार करने के लिए विधायिका ने गंजाम एसपी से अनुरोध किया है।